Modinagar में 26 हजार वर्गमीटर में तीन अवैध कॉलोनियों पर चला GDA Bulldozers

-अवैध प्लाटिंग और निर्माण ध्वस्त, कॉलोनाइजरों का विरोध, जीडीए पुलिस ने किया नियंत्रण

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मोदीनगर क्षेत्र में अवैध रूप से बनाई जा रही तीन कॉलोनियों को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की प्रवर्तन टीम ने गुरुवार को ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के निर्देशों के तहत अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों पर सख्त कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई का नेतृत्व प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी एवं ओएसडी राजीव रतन सिंह ने किया। मौके पर सहायक अभियंता राजीव कुमार, अवर अभियंता राजन सिंह, अवर अभियंता योगेश कुमार वर्मा और जीडीए पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर से कुल लगभग 26 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध निर्माण ध्वस्त किया गया। सबसे पहले खसरा संख्या-239, ग्राम सादाबाद जखैवा, परगना जलालाबाद (अबूपुर) के सहरावत फार्म वाली सड़क पर अबूपुर रोड रजवाहे पर संजय, योगेंद्र, अनिल पुत्रगण चमन सिंह और मनोज पुत्र मांगे राम, बबलू चौधरी द्वारा अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी। यह लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में फैली हुई थी। इसके अतिरिक्त अमित और हरीश पुत्र सुरेंद्र सिंह द्वारा खसरा संख्या-129 और 130, सादाबाद जखैवा, मोदीनगर में लगभग 4000 वर्गमीटर क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी।

जीडीए प्रवर्तन टीम ने मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया कि निर्माणकर्ता और कॉलोनाइजर ने कोई स्वीकृत मानचित्र या साक्ष्य अभिलेख पेश नहीं किया। इनके नामों के अनुसार चालान की कार्रवाई की गई। वहीं, अंकुर नेहरा पुत्र संतोष नेहरा द्वारा खसरा संख्या-588, ग्राम बिसोखर, संतपुरा बिसोखर चामंड के पास मोदीनगर में लगभग 12 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी बनाई जा रही थी। इसमें पूर्व में चिनाई की गई थी, सड़क पर मिट्टी भराई की गई थी और बिजली के पोल भी लगाए गए थे। प्रवर्तन टीम ने इन अवैध कॉलोनियों में कालोनाइजर द्वारा बनाई गई इंटरलॉकिंग सड़क, भूखंडों की बाउंड्रीवॉल, साइट ऑफिस सहित अन्य निर्माणों को बुलडोजर से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस दौरान निर्माणकर्ता और कॉलोनाइजर ने जमकर विरोध किया, लेकिन जीडीए पुलिस बल ने उन्हें नियंत्रित करते हुए लाठी फटकार कर वहां से हटा दिया।

मौके पर जीडीए के सहायक अभियंता ने कहा कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण अवैध है और भविष्य में ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन शहर की जमीन और विकास को सुरक्षित रखने के लिए सख्त कदम उठाता रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को भी अवगत कराया कि अवैध निर्माण केवल उनके अपने नुकसान का कारण बनता है और इसे रोकने के लिए प्रशासन सतर्क है। जीडीए प्रवर्तन टीम का कहना है कि मोदीनगर क्षेत्र में भविष्य में किसी भी अवैध कॉलोनी की जानकारी मिलने पर तत्काल ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। अंत में प्रवर्तन टीम ने यह संदेश दिया कि प्रशासन अवैध कॉलोनियों और प्लाटिंग के खिलाफ सख्त है और किसी को भी नियमों का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मोदीनगर क्षेत्र में यह कार्रवाई नागरिकों और स्थानीय समुदाय के लिए सुरक्षा और कानूनी नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य करेगी।