इंदिरापुरम के न्याय खंड में अवैध बनाई 300 दुकानों को जीडीए ने किया ध्वस्त

गाजियाबाद। जीडीए की इंदिरापुरम कॉलोनी के न्यायखंड में अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण और बनाई गई करीब 300 दुकानों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान लोगों ने जीडीए की कार्रवाई विरोध किया। मगर जीडीए के प्रवर्तन टीम ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर अवैध निर्माण व अतिक्रमण को लेकर यह बड़ी कार्रवाई की गई। बुधवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-6 के प्रभारी एवं अधिशासी अभियंता आलोक  रंजन की अगुआई में अभियंत्रण जोन के सहायक अभियंता पीयूष सिंह, अवर अभियंता गोपाल कृष्ण एवं जीडीए पुलिस और इंदिरापुरम पुलिस की मौजूदगी में अवैध दुकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया।

इस दौरान इंदिरापुरम के न्यायखंड-1, 2, 3 व अभयखंड में सड़क किनारे टीन शेड व स्थाई रूप से बनाई गई करीब 300 दुकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान लोगों ने जमकर विरोध किया। मगर पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। प्रवर्तन जोन प्रभारी ने जोन के सहायक अभियंता, अवर अभियंता तथा सुपरवाइजर स्टाफ  को निर्देशित किया कि सतत निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि उक्त अतिक्रमण पुन: न होने पाए। जीडीए द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। इस संबंध में इंदिरापुरम थाना पुलिस को भी अतिक्रमण न होने पाए के संबंध में पत्र पे्रषित किया गया है।