दुहाई ईएएमआर कॉलेज के पीछे बनाए अवैध 42 फ्लैट को जीडीए ने किया ध्वस्त

उदय भूमि
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) उपाध्यक्ष अतुल वत्स की अनाधिकृत कॉलोनियों,अवैध फ्लैट व अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की सख्ती के बाद भी दुहाई में 42 अवैध फ्लैट का निर्माण कर लिया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि जीडीए प्रवर्तन जोन-2 की टीम द्वारा अवैध बनाए फ्लैट पर इससे पहले कोई कार्रवाई नहीं की गई। जीडीए उपाध्यक्ष के मामला संज्ञान में आने के बाद शनिवार को दुहाई में अवैध बनाए गए 42 फ्लैट को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 क्षेत्र अंतर्गत दुहाई स्थित ईएएमआर कॉलेज के पीछे लगभग 4000 वर्गमीटर जमीन पर हिमांशु तेवतिया पुत्र मनोज तेवतिया ने पूर्व निर्मित 4 मंजिला फ्लैट के ब्लॉक-1 का निर्माण बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध रूप से कर लिया गया।

इन फ्लैट को गिराने के लिए जीडीए की ओर से पूरा अवसर दिया गया। मगर अवैध फ्लैट को नहीं तोड़ा गया। शनिवार को जीडीए अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह,प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी अधिशसी अभियंता लवकेश कुमार,जीडीए प्रवर्तन जोन-3 के प्रभारी अधिशासी अभियंता योगेश पटेल,सहायक अभियंता पीयूष सिंह,अवर अभियंता सचिन अग्रवाल,सुनील कुमार एवं जीडीए पुलिस और मधुबन बापूधाम पुलिस व मुरादनगर थाना पुलिस की मौजूदगी बुलडोजर चलाकर 42 अवैध फ्लैट को ध्वस्त कर दिया।

जीडीए की बड़ी कार्रवाई से कॉलोनाइजर व अवैध फ्लैट बनाने वालों में हड़कंप की स्थिति बन गई।जीडीए की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ता द्वारा जमकर विरोध किया। मगर पुलिस बल ने उसे वहां से भगाते हुए अवैध बनाए गए फ्लैट को ध्वस्त करा दिया। जीडीए अपर सचिव ने बताया कि जीडीए शहर के सुव्यवस्थित विकास और भवन नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। लोगों से अपील है कि वह मान्य नियमों के अनुसार ही निर्माण करें,अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।