-राजनगर एक्सटेंशन में जीडीए की त्वरित कार्रवाई, सड़कें और पार्क बनाए गए अवरोधमुक्त
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। तेज आंधी और तूफान के बाद गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने तत्परता दिखाते हुए राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में अवरुद्ध सड़कों को जल्द दुरुस्त किया। बुधवार रात आई तेज आंधी के कारण कई पेड़ और भारी-भरकम टहनियां सड़कों और पार्कों में गिर गईं थीं, जिससे यातायात और स्थानीय लोगों की आवाजाही बाधित हो गई थी। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की अभियंत्रण और उद्यान विभाग की संयुक्त टीमों ने मौके का तत्काल संज्ञान लेते हुए रात में ही राहत कार्य शुरू कर दिए। जीडीए ने क्षेत्र से लगभग 11 पेड़ और बड़ी संख्या में गिरी हुई टहनियों को हटाकर मार्गों को पूरी तरह से अवरोधमुक्त किया।
इस कार्य के चलते न केवल यातायात व्यवस्था बहाल हुई, बल्कि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा भी नहीं होने दी गई। पार्कों में फैली टूटी हुई डालियों को हटाकर स्वच्छता व सुंदरता भी पुन: स्थापित की गई। जीडीए अधिकारियों ने बताया कि विभाग की प्राथमिकता हमेशा जनसुविधा और सुगम जीवन है। ऐसी प्राकृतिक आपदाओं के समय भी जीडीए लगातार निगरानी रखता है और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करता है। जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। जीडीए जनहित के हर कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है।















