एनटीपीसी रोड पर 10 हजार वर्ग मीटर में अवैध कॉलोनी पर जीडीए ने चलाया बुलडोजर

गाजियाबाद। जीडीए सीमा क्षेत्र में अवैध रूप से होने वाले अवैध निर्माण एवं अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध सख्ती का रुख अख्तियार किया है। हापुड़ जनपद के ग्राम पिपलेहड़ा के पास एनटीपीसी रोड स्थित लगभग 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन दस्ते की टीम ने अवैध कॉलोनी में भूखंडों की बाउंड्रीवाल, सड़क, सीवर लाइन आदि को ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर जीडीए प्रवर्तन जोन-5 के प्रभारी एवं अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को जोन के सहायक अभियंता परशुराम ने अवर अभियंता योगेश वर्मा, अवर अभियंता सचिन अग्रवाल एवं जीडीए पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कराई।

एनटीपीसी रोड हिंडन धर्मकांटे के पास ग्राम पिपलेहड़ा में इमरान खान, आमिर खान पुत्र इमामुुद्दीन द्वारा लगभग 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में अनाधिकृत कॉलोनी काटी जा रही हैं। जीडीए टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कॉलोनी में भूखंडों की बाउंड्रीवाल, सड़क, सीवर लाइन, खंभे आदि को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। अवैध कॉलोनी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करते हुए निर्देश दिए गए कि बगैर मानचित्र स्वीकृति के कोई निर्माण कार्य न कराया जाए।

प्रवर्तन जोन-5 के अवर अभियंता व सुपरवाइजर को भी निर्देशित किया कि सतत् निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि उक्त अवैध निर्माण पुन:प्रारंभ न होने पाए। जीडीए द्वारा लगातार अवैध निर्माण एवं अवैध कॉलोनियों के विरूद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। जीडीए सीमा क्षेत्र में भूमि पर विधिवत मानचित्र स्वीकृति के अनुसार ही निर्माण किया जाए। आमजन भी किसी वादग्रस्त एवं विवादित निर्माण में भवनों का क्रय-विक्रय न करें।