-प्लॉट की बाउंड्री वॉल, पिलर व कॉलोनी में लगवाए गए बिजली ट्रांसफर, पोल को किया ध्वस्त
गाजियाबाद। जीडीए सीमा क्षेत्र में अवैध कॉलोनी और अवैध निर्माण के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की अनाधिकृत कॉलोनी व अवैध निर्माण को ध्वस्त करने को लेकर सख्त आदेश के तहत कार्रवाई जारी है। अवैध कॉलोनी और अवैध निर्माण को रोकने के लिए सभी जोन के प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में कार्रवाई को अंजाम दे रहे है। दिन भर होने वाली कार्यवाही की रिपोर्ट की जांच जीडीए उपाध्यक्ष खुद कर रहे है। शुक्रवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी एवं अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने सहायक अभियंता रूद्रेश शुक्ला, अवर अभियंता और जीडीए पुलिस की मौजूदगी में जोन क्षेत्र का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम मोरटा के खसरा संख्या-1157,1160,1161 में लगभग 18 बीघा जमीन में नितिन चौधरी द्वारा अनाधिकृत रूप से काटी जा रही अवैध कालोनी में प्लॉट की बाउंड्रीवाल, पिलर व कॉलोनी में लगवाए गए बिजली ट्रांसफर, पोल व तारों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। अपर सचिव ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान निर्देश दिए कि बगैर मानचित्र स्वीकृति के कोई कार्य न कराया जाए।
उन्होंने जोन के सहायक अभियंता, अवर अभियंता तथा सुपरवाईजर को निर्देशित किया कि सतत् निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि उक्त अनाधिकृत कॉलोनी में अवैध निर्माण पुन: शुरू न होने पाए। जीडीए की अवैध निर्माण पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इसके साथ ही निर्माणकर्ता एवं कॉलोनाइजर को निर्देशित किया है कि जीडीए सीमा क्षेत्र में भूमि पर विधिवत मानचित्र स्वीकृत के अनुसार ही निर्माण किया जाए। आमजन किसी भी वादग्रस्त एवं विवादित निर्माण में संपत्ति का क्रय-विक्रय न करें।
















