-जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने तत्काल सस्पेंड किया आरोपी सुपरवाइजर, अन्य कर्मचारियों को दी सख्त चेतावनी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) में भ्रष्टाचार पर शिकंजा कसते हुए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने सख्त एक्शन लेते हुए सोमवार को रिश्वत लेते पकड़े गए सुपरवाइजर राजकुमार शर्मा को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया। मेरठ एंटी करप्शन टीम ने मुरादनगर क्षेत्र में 2 लाख रुपए रिश्वत लेते हुए जीडीए सुपरवाइजर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जबकि अवर अभियंता (जेई) अजीत कुमार मौके से फरार हो गया। पूरा मामला मुरादनगर के गांव सुराना का है, जहां रहने वाले सुरेंद्र यादव रावली रोड पर एक कार्यालय का निर्माण करा रहे थे। आरोप है कि जीडीए के जेई अजीत कुमार और सुपरवाइजर राजकुमार शर्मा ने उनसे बिना नक्शा पास कराए निर्माण कार्य की अनुमति देने के बदले दो लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। सुरेंद्र यादव ने इसकी शिकायत मेरठ स्थित एंटी करप्शन विभाग से की थी। तय समय पर कार्रवाई करते हुए जैसे ही सुरेंद्र ने सुपरवाइजर को दो लाख रुपये सौंपे, एंटी करप्शन टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। इस दौरान जेई अजीत कुमार वहां मौजूद था लेकिन टीम को आता देख भाग निकला।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने न सिर्फ सुपरवाइजर को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया, बल्कि पूरे मामले की विभागीय जांच बैठा दी है। जेई अजीत कुमार की भूमिका की भी गहराई से जांच की जा रही है। उपाध्यक्ष ने यह साफ कर दिया है कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में भ्रष्टाचार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी यदि भ्रष्टाचार में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी पद पर हो।
उपाध्यक्ष ने सभी जीडीए कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनता के हितों के साथ खिलवाड़ न करें। जो भी भ्रष्टाचार में संलिप्त होगा, उस पर कठोर कानूनी व विभागीय कार्रवाई तय है। गिरफ्तार सुपरवाइजर राजकुमार शर्मा से एंटी करप्शन की टीम गहन पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य फोकस यह है कि इस पूरे भ्रष्टाचार नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और जेई अजीत कुमार की क्या भूमिका रही है। वहीं, अजीत कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
















