-क्षेत्र में बर्दाश्त नहीं होगा अवैध निर्माण: गुंजा सिंह
-जीडीए ओएसडी ने सील तोड़कर हो रहे निर्माण को रुकवाया
गाजियाबाद। जीडीए सीमा क्षेत्र में अवैध निर्माण को रोकने और सील किए गए अवैध निर्माण की निगरानी तेज हो गई है। जिसके लिए अधिकारी खुद इसकी मॉनिटरिंग कर रहे है। कहीं ऐसा तो नहीं कोई सील किए गए अवैध निर्माण पर फिर से निर्माण कर रहा हो। जिसके लिए जीडीए उपाध्यक्ष ने खुद अधिकारियों को इसके निर्देश दिए है। दरअसल जीडीए उपाध्यक्ष ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए है कि जीडीए सीमा क्षेत्र में अवैध निर्माण को रोकने के लिए अभियान चलाकर प्रतिदिन कार्रवाई की जाए। साथ ही सील किए गए अवैध निर्माण की निगरानी भी कि जाए। अवैध निर्माण को सील करने के बाद किसी भी क्षेत्र ऐसा न देखने को मिले कि सील किए गए अवैध निर्माण हो रहा है। अगर ऐसा पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जीडीए उपाध्यक्ष की सख्ती का असर इन दिनों देखने को मिल रहा है। जीडीए उपाध्यक्ष की सख्ती के बाद अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर अवैध निर्माण पर कार्रवाई के साथ-साथ सील किए गए अवैध निर्माण की निगरानी भी कर रहे है। ऐसा ही एक मामला जीडीए प्रवर्तन जोन-5 में देखने को मिला।
जीडीए प्रवर्तन जोन-5 की प्रभारी ओएसडी गुंजा सिंह को सूचना मिली की प्रवर्तन जोन-5 में सील किए गए निर्माण पर चोरी-छिपे निर्माण हो रहा है। सूचना मिलते ही जीडीए प्रवर्तन जोन-5 की प्रभारी ओएसडी गुंजा सिंह ने रविवार को सहायक अभियंता अनुज कुमार, अवर अभियंता योगेश वर्मा के साथ मौके पर पहुंचकर जोन क्षेत्र में सील किए गए निर्माण को चोरी छिपे फिर से निर्माण कार्य को रूकवाया। जीडीए प्रवर्तन जोन-5 क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शाहपुर-बम्हैटा, महरौली के पास 13 मई अवैध निर्माण को जीडीए टीम ने सील किया था। इन अवैध निर्माण का मौके पर जाकर निरीक्षण किया तो पाया कि सुखबीर सिंह पुत्र मोहकम सिंह द्वारा वेव सिटी की डीपीआर से अलग व सड़क की सीमा से बाहर सील तोड़कर चोरी छिपे अवैध निर्माण किया जा रहा था। वहीं, मनोज राठी द्वारा अनाधिकृत रूप से व्यावसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जा रहा था। गौरव यादव पुत्र स्वर्गीय जगदीश यादव द्वारा शौर्यपुरम में किए गए अवैध निर्माण सील किए जाने के बाद भी अवैध निर्माण को हठधर्मिता से दिन व रात में चोरी-छिपे किया जा रहा हैं। जीडीए ओएसडी गुंजा सिंह ने मौके पर अवैध निर्माण को निर्माणकर्ताओं को सख्त चेतावनी देते हुए मौके पर रूकवाया। इसके साथ ही सहायक व अवर अभियंता को भी निर्देश दिए कि यहां पर कोई अवैध निर्माण न होने पाए।
इसके अलावा शौर्यपुरम ई-ब्लाक ग्राम शाहपुर-बम्हैटा के पास अवैध रूप से लगभग 2 बीघा जमीन में अवैध रूप से बिल्डर फ्लैट का निर्माण करा था। जबकि मौके पर निर्माणकर्ता द्वारा जीडीए से स्वीकृत मानचित्र नहीं दिखाया गया। इसे सख्त चेतावनी देते हुए रुकवाया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि जीडीए सीमा क्षेत्र में स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण अनुमन्य होगा। आमजन को भी सूचित किया कि किसी भी वादग्रस्त, विवादित निर्माण में भवन, दुकानों का क्रय-विक्रय न करें। यह बात भी सामने आ रही है कि जीडीए की सख्ती के बाद भी अवैध निर्माण को सील करने के बाद फिर से चोरी-छिपे अवैध निर्माण किए जा रहे है। ऐसे में कहीं कोई सांठगांठ तो नहीं है। जीडीए ओएसडी गुंजा सिंह ने कहा अगर सील किए गए अवैध निर्माण में कोई भी निर्माण पाया गया तो संबंधित के खिलाफ मुकदमा भी लिखाया जाएगा। क्षेत्र में अवैध निर्माण का कार्य बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं होगा।















