अवैध निर्माण पर जीडीए का एक्शन, चार मंजिला अवैध इमारत और दुकानों पर चली सीलिंग की कार्रवाई

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शास्त्रीनगर स्थित महेंद्रा एंक्लेव में अवैध रूप से निर्मित चार मंजिला इमारत और तीन दुकानों को सील कर दिया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों के तहत की गई, जिसमें अवैध निर्माण और अनाधिकृत कॉलोनियों पर तत्काल और कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया है। गुरुवार को प्रवर्तन जोन-4 की टीम, अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में सहायक अभियंता अनुज कुमार, अवर अभियंता गिरिजा शंकर मल्ल और जीडीए पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। उन्होंने पाया कि महेंद्रा एंक्लेव के भूखंड संख्या सी-1 पर विनीत कुमार पुत्र एस.पी. सिंह द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के चार मंजिला इमारत और तीन दुकानों का अवैध निर्माण किया गया है।

गौरतलब है कि जीडीए ने पहले ही 25 फरवरी 2023 को इस अवैध निर्माण पर नोटिस जारी किया था, और इसके बाद 24 मई 2023 को ध्वस्तीकरण का आदेश भी पारित कर दिया गया था। इसके बावजूद निर्माणकर्ता ने काम जारी रखा, जिसके बाद प्राधिकरण ने सख्त कदम उठाते हुए गुरुवार को तीन दुकानों और इमारत को सील कर दिया। सीलिंग की कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ता ने मौके पर विरोध जताया और जीडीए टीम को रोकने की कोशिश की, लेकिन जीडीए पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई को शांतिपूर्वक अंजाम दिया।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि शहर में बिना नक्शा स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जीडीए के प्रवर्तन जोन द्वारा लगातार की जा रही ऐसी कार्रवाइयां प्राधिकरण की नई कार्यशैली को दर्शाती हैं, जिसमें नियमों के उल्लंघन पर तत्काल और निर्णायक कदम उठाया जा रहा है। नगरवासियों में जीडीए की इस कार्यवाही को लेकर एक सकारात्मक संदेश गया है कि अब गाजियाबाद में अवैध निर्माण पर लगाम कसने का दौर तेज हो गया है, और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।