जीडीए के अपर सचिव प्रदीप सिंह को आया हार्ट अटैक, अस्पताल में भर्ती

-ऑफिस में काम करते समय बिगड़ी तबीयत, यशोदा हॉस्पिटल के आईसीयू में चल रहा इलाज

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह रोजाना की तरह अपने कार्यालय में बैठकर सुनवाई कर रहे थे। सोमवार को दोपहर कार्यालय में कार्य करते समय उन्हें अचानक हार्ट अटैक आ गया। हार्ट अटैक आने के चलते जीडीए कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। उन्हें अधिकारियों ने तत्काल नेहरूनगर स्थित यशोदा हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती कर लिया। अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी देखभाल कर रही है। जीडीए अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह सोमवार को फाइलों का अवलोकन कर रहे थे। तभी उन्होंने अचानक सीने में तेज दर्द और घबराहट की शिकायत हुई। कुछ ही क्षणों में उनकी स्थिति बिगड़ गई। जिसके बाद सहयोगियों ने बिना समय गंवाए उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल के डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की पुष्टि की है। डॉक्टरों का कहना है कि अगले 48 घंटे तक उनके जीवन के लिए बेहद अहम होंगे। अपर सचिव को हार्ट अटैक आने से कार्यालय सनसनी फैल गई। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स समेत अन्य अधिकारियों व कर्मचारी उनका हाल जान रहे हैं। परिवारजन भी अस्पताल में मौजूद हैं। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि लगातार तनाव, अत्यधिक कार्यभार और अनियमित जीवनशैली हार्ट अटैक के बड़े कारण बनते हैं।

सरकारी दफ्तरों में लंबे समय तक बैठकर काम करने की आदत, शारीरिक सक्रियता की कमी और खानपान की लापरवाही दिल की बीमारियों को बढ़ावा देती है। यही कारण है कि आज के समय में समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और संतुलित जीवनशैली बेहद जरूरी है। फिलहाल, डॉक्टरों ने अपर सचिव प्रदीप सिंह की हालत नाजुक बताई है और उनके स्वस्थ होने की उम्मीद पर सबकी निगाहें टिकी हैं।