उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना के अंतर्गत ईडब्ल्यूएस भवनों में अवैध रूप से की जा रही व्यवसायिक गतिविधियों के विरुद्ध बुधवार को कड़ा एक्शन लिया। उपाध्यक्ष अतुल वत्स के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में जीडीए की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर कई यूनिट्स को सील कर दिया। इन भवन स्वामियों को पूर्व में व्यवसायिक गतिविधियों के लिए नोटिस जारी किए गए थे, परंतु बावजूद इसके नियमों की अनदेखी कर फ्लैट्स में दुकानें व ऑफिस संचालित किए जा रहे थे। लगातार चेतावनी के बाद भी अवैध गतिविधियां न रुकने पर अब जीडीए ने सख्त कदम उठाया है। कार्रवाई का नेतृत्व प्रवर्तन जोन-3 के प्रभारी अधिशासी अभियंता योगेश पटेल ने किया। उनके साथ सहायक अभियंता अनुज कुमार, अवर अभियंता सतेंद्र सिंह, प्रभु नारायण सिंह तथा जीडीए पुलिस बल की पूरी टीम मौजूद रही।
टीम ने मौके पर पहुंचकर चिन्हित फ्लैट्स को सील करते हुए व्यवसायिक गतिविधियों को तत्काल बंद करा दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने स्पष्ट कहा है कि आवासीय भवनों का व्यवसायिक उपयोग पूरी तरह से नियमों के खिलाफ है और ऐसे मामलों में अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रवर्तन अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश भी दिए हैं, ताकि भविष्य में कोई भी नियमों का उल्लंघन न कर सके। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का यह संदेश साफ है कि आवासीय योजनाओं का रूपांतरण कर अवैध धंधा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जीडीए की यह कार्रवाई भविष्य में नियम तोडऩे वालों के लिए कड़ा सबक साबित होगी।
















