जीडीए की बड़ी पहल! हरनंदीपुरम आवासीय योजना के लिए 4 गुना दर पर होगी भूमि खरीद

-भूमि क्रय दर तय: सर्किल रेट का 4 गुना मिलेगा मुआवजा!

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत एक आधुनिक आवासीय परियोजना लाने की तैयारी में है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत हाल ही में शासन से प्रथम किस्त के रूप में 400 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। गाजियाबाद को नई और अत्याधुनिक आवासीय सुविधाओं से जोडऩे के लिए इस योजना के तहत 5 राजस्व गांवों—मथुरापुर, नगला फिरोजपुर, शमशेर, चंपत नगर और भनेड़ा खुर्द की भूमि खरीद का निर्णय लिया गया है। शनिवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में पुनरीक्षित सर्किल रेट से 4 गुना अधिक दर पर भूमि खरीद का निर्णय लिया गया।

बैठक में जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स, सचिव राजेश कुमार सिंह, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व सौरभ भट्ट और जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा गाजियाबाद को आधुनिक शहर बनाने के लिए यह एक ऐतिहासिक कदम है। इस योजना से न केवल नागरिकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय किसानों को भी उनकी जमीन का उचित मूल्य मिलेगा। जीडीए पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से इस योजना को साकार करेगा। इस महत्वाकांक्षी योजना से गाजियाबाद एक विकसित और सुव्यवस्थित नगरीय केंद्र के रूप में उभरेगा, जहां हर वर्ग के लोगों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलेंगी।

किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ, मिलेगा उचित मुआवजा
बीते 5-6 महीनों से जीडीए किसानों और भू-स्वामियों से भूमि खरीद को लेकर बातचीत कर रहा था, जहां किसानों ने अधिकतम मुआवजा और विकसित भूखंड की मांग रखी थी। इस बैठक में तय की गई नई दरों से किसानों को उनकी जमीन का बेहतर मूल्य मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।

समय सीमा के अंदर भूमि क्रय, नहीं मिलने पर अधिग्रहण
जीडीए ने तय किया है कि वह आपसी सहमति से निर्धारित समय सीमा में भूमि की रजिस्ट्री कराएगा। यदि इस अवधि में जमीन नहीं खरीदी जाती, तो प्राधिकरण अधिग्रहण की प्रक्रिया अपनाएगा।

योजना से क्या-क्या होंगे फायदे
आधुनिक आवासीय सुविधाएं – गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर के लोगों को सुलभ और अत्याधुनिक आवासीय विकल्प मिलेंगे।

बेहतर बुनियादी ढांचा – प्रस्तावित क्षेत्र में सड़कें, जल आपूर्ति, सीवरेज, पार्क, कम्युनिटी सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

रोजगार के नए अवसर – इस योजना से व्यावसायिक केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और मनोरंजन स्थलों का विकास होगा, जिससे नए रोजगार सृजित होंगे।

मकान बनाने वालों के लिए सुनहरा मौका – इस योजना के तहत लोग अपने सपनों का घर सुलभ दरों पर बना सकेंगे।

अतुल वत्स
जीडीए उपाध्यक्ष

जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स का कहना है कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हरनंदीपुरम आवासीय योजना हमारे शहर के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जो आधुनिक बुनियादी ढांचे और सुविधाओं से लैस होगी। हमने भूमि खरीद के लिए सर्किल रेट का चार गुना दर तय किया है, ताकि किसानों और भू-स्वामियों को उनकी जमीन का उचित मुआवजा मिल सके। हम इस योजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। प्राधिकरण पारदर्शिता के साथ काम करेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि परियोजना के तहत विकसित होने वाले क्षेत्र में सड़कों, जल आपूर्ति, सीवरेज, पार्क और व्यावसायिक केंद्र जैसी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस योजना से गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर के लोगों को किफायती और बेहतर आवासीय विकल्प मिलेंगे।