-उपाध्यक्ष अतुल वत्स के सख्त निर्देश पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने एक बार फिर अवैध निर्माणकर्ताओं पर शिकंजा कसते हुए शुक्रवार को डासना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। उपाध्यक्ष अतुल वत्स के स्पष्ट निर्देश पर जीडीए प्रवर्तन टीम ने अवैध रूप से बनाए गए स्वीमिंग पूल और मकान को बुलडोज़र चलाकर ध्वस्त कर दिया। ग्राम डासना में मलखान सिंह और बबलू ने करीब 18 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से रेडीमेड पिलर्स और बाउंड्रीवॉल लगाकर लगभग 8 फीट ऊँची दीवार खड़ी कर दी थी। प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने मौके पर पहुंचकर दीवार, पिलर्स और बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया। इसी दौरान मोहम्मद रफीक, शरीफ और मोमीन पुत्रगण ननवों ने खसरा संख्या 3776 पर लगभग 3,500 वर्गमीटर में अवैध रूप से कमरे और स्वीमिंग पूल का निर्माण कर लिया था।
जीडीए की टीम ने बुलडोज़र चलाकर पूल और कमरों को भी ढहा दिया। ध्वस्तीकरण के दौरान निर्माणकर्ताओं ने जीडीए की कार्रवाई का विरोध किया। हालांकि, जीडीए पुलिस बल ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें लाठी फटकारकर मौके से खदेड़ दिया। इसके बाद बिना किसी रुकावट के बुलडोज़र ने काम जारी रखा। ध्वस्तीकरण अभियान का नेतृत्व जोन-5 के प्रभारी अधिशासी अभियंता योगेश पटेल ने किया। उनके साथ सहायक अभियंता पीयूष सिंह और अवर अभियंता सुनील कुमार व मनोज सिंह भी मौजूद रहे।
टीम ने मौके पर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों को साफ चेतावनी दी कि बिना अनुमति लिए किसी भी तरह का निर्माण अवैध माना जाएगा और तुरंत ध्वस्त कर दिया जाएगा। जीडीए प्रवर्तन टीम ने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान यहीं तक सीमित नहीं है। अगले माह भी अवैध निर्माणों पर बुलडोज़र चलेगा और जरूरत पडऩे पर सीलिंग की कार्रवाई भी की जाएगी।
















