ग्राम मटियाला में जीडीए का चला बुलडोजर , 25 बीघा में काटी जा रही अवैध कॉलोनी ध्वस्त

-उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, सड़कें, बाउंड्रीवाल और साइट ऑफिस जमींदोज
-जीडीए प्रवर्तन टीम और पुलिस बल की संयुक्त कार्रवाई, अवैध निर्माणकर्ताओं का विरोध ध्वस्त

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने सोमवार को एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के सख्त निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने ग्राम मटियाला क्षेत्र में काटी जा रही लगभग 25 बीघा की अवैध फ्रेंड्स कॉलोनी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस दौरान जीडीए की टीम ने मुख्य सड़कों से लेकर भूखंडों की बाउंड्रीवाल, विद्युत पोल और कॉलोनाइजर का साइट ऑफिस तक जमींदोज कर दिया। जोन-3 के प्रभारी अधिशासी अभियंता योगेश पटेल के नेतृत्व में सहायक अभियंता अनुज कुमार, अवर अभियंता सतेंद्र सिंह और प्रभुनारायण सिंह ने जीडीए पुलिस बल और मसूरी थाना पुलिस की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने गांव मटियाला के समीप अवैध रूप से काटी जा रही फ्रेंड्स कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर कॉलोनाइजर की साजिश ध्वस्त कर दी।

कार्रवाई के दौरान अवैध कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं ने जीडीए टीम का विरोध करने की कोशिश की। लेकिन जीडीए पुलिस बल और थाना पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें खदेड़ दिया। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ किसी भी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि जिले में बिना स्वीकृति के बनाए गए निर्माण और कॉलोनियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यही वजह है कि प्रवर्तन टीम लगातार अभियान चलाकर अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चला रही है।

प्रवर्तन जोन-3 के प्रभारी ने मौके पर मौजूद लोगों से कहा कि बिना अनुमति लिए गए किसी भी निर्माण को ध्वस्त कर दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि कॉलोनाइजर लोगों को गुमराह कर अवैध कॉलोनी न काटें, अन्यथा उन्हें भी कानूनी शिकंजे का सामना करना पड़ेगा। जीडीए अधिकारियों ने बताया कि अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आगामी माह में भी ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई बड़े पैमाने पर की जाएगी।