-जीडीए की सख्त चेतावनी, बिना अनुमति निर्माण किया तो कार्रवाई तय
-भूखंडों की बाउंड्रीवाल, सड़कों पर चला बुलडोजर, विरोध करने वालों को जीडीए पुलिस ने खदेड़ा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने लोनी क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 अनाधिकृत कॉलोनियों को जमींदोज कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर गुरुवार को प्रवर्तन जोन-8 की टीम ने यह अभियान चलाया, जिसमें लगभग 70 से 80 भूखंडों की बाउंड्रीवाल, सड़कें और अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार, सहायक अभियंता प्रमोद शर्मा, अवर अभियंता, और जीडीए पुलिस बल के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। टीम ने मीरपुर हिंदू, खडख़ड़ी, चिरौड़ी गांव रोड पर पूर्व में कटी गई 5 पुरानी और 3 नवसृजित अवैध कॉलोनियों में बुलडोजर चलाया।
कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइज़रों और स्थानीय लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन जीडीए पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए मौके से हटाया और काम को शांतिपूर्वक पूरा कराया। टीम ने साफ शब्दों में चेताया कि बिना स्वीकृति के किया गया कोई भी निर्माण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जोन प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। आगामी माह में भी अनाधिकृत कॉलोनियों पर बुलडोजर और सीलिंग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जीडीए आम नागरिकों से अपील कर रहा है कि अवैध कॉलोनियों में भूखंड या मकान न खरीदें, न ही बेचें, अन्यथा नुकसान की जिम्मेदारी स्वयं खरीदार की होगी। बिना अनुमति के किए गए निर्माण ध्वस्त किए जाएंगे। किसी भी कीमत पर शहर की प्लानिंग और विकास में बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।
















