-लगभग 45 हजार वर्ग मीटर में फैली अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किया गया, पुलिस बल की मौजूदगी में चला अभियान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अवैध निर्माण के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) का बुलडोजर कहर बनकर टूट रहा है। मंगलवार को प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने ग्राम गालन्द में लगभग 45,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फैली एक अनाधिकृत कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। कॉलोनी को ग्राम गालन्द के खसरा संख्या 855, 856, 857, 878 व 877 पर विकसित किया जा रहा था, जिसे बिना किसी स्वीकृति के काटा गया था।
यह पूरी कार्रवाई प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अतुल वत्स द्वारा अवैध निर्माणों और अनाधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ दिए गए सख्त निर्देशों के अनुपालन में की गई। प्रभारी प्रवर्तन जोन-5 के नेतृत्व में दीपक यादव ने ध्वस्तीकरण आदेश के अंतर्गत बुलडोजर चलवा कर इस कॉलोनी को ध्वस्त कराया। ध्वस्तीकरण के दौरान मौके पर निर्माणकर्ता ने जोरदार विरोध किया और कार्रवाई को रोकने की कोशिश की, लेकिन प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों और थाना धौलाना पुलिस बल की तत्परता से विरोध को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई पूरी कर ली गई।
किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पूरे क्षेत्र में पहले से ही पुलिस तैनात कर दी गई थी। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के अवैध निर्माणों और कॉलोनियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन को भी आगाह किया गया है कि वे बिना वैध अनुमोदन के प्लॉट न खरीदें और न ही अवैध कॉलोनी में निर्माण करें। कार्यवाही के दौरान प्रवर्तन प्रभारी जोन-5, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, समस्त सुपरवाइज़र स्टाफ, प्राधिकरण सुरक्षाकर्मी एवं थाना धौलाना का पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर उपस्थित रहा। प्राधिकरण की इस सख्त कार्यवाही से अवैध कॉलोनी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों में राहत की भावना भी देखी जा रही है।
















