अनाधिकृत कॉलोनियों पर गरजा जीडीए का बुलडोजर बिना नक्शा स्वीकृत के काटी जा रही थी कॉलोनी

-रईसपुर-सदरपुर मार्ग व सैंथली में 56 बीघा जमीन में 6 अवैध कॉलोनी को किया ध्वस्त
-निर्माणकर्ता और कॉलोनाइजर नक्शा स्वीकृत कराए बिना किया निर्माण तो होगी कार्रवाई

गाजियाबाद। जीडीए सीमा क्षेत्र में अवैध रूप से काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माण पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अपनी कार्रवाई को तेज कर दिया है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की सख्ती के चलते अवैध निर्माण एवं अनाधिकृत कॉलोनियों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
बुधवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-3 के प्रभारी एवं अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह के निर्देशन में रईसपुर-सदरपुर मार्ग स्थित सूर्या गार्डन और बसंतपुर सैंथली में लगभग 56 बीघा जमीन में काटी जा रही 6 अवैध कॉलोनियों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। प्रवर्तन जोन-3 के सहायक अभियंता अनिल शर्मा, दीप्ति चौहान, अवर अभियंता राजेंद्र कुमार, राजीव कुमार एवं जीडीए पुलिस और मधुबन बापूधाम थाना पुलिस की मौजूदगी में मधुबन बापूधाम स्थित सिटी पार्क के पीछे की साइड में रईसपुर-सदरपुर मार्ग स्थित सूर्या गार्डन के खसरा संख्या-1051 के पास लगभग 3 बीघा क्षेत्रफल में बबली चौधरी ने अवैध कॉलोनी काटी जा रही है, इसके अलावा वीरेंद्र उर्फ लल्लू पुत्र अमरपाल द्वारा सूर्या एन्क्लेव में लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल समेत 23 बीघा जमीन में काटी जा रही दो अवैध कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर भूखंडों की बाउंड्रीवॉल,सड़क आदि को ध्वस्त कर दिया।

ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद निर्देश दिए कि बगैर मानचित्र  स्वीकृति के कोई कार्य न कराया जाए। प्रवर्तन जोन-3 के सहायक अभियंता, अवर अभियंता तथा सुपरवाईजर को निर्देशित किया गया कि सतत् निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि अवैध निर्माण पुन: प्रारंभ न होने पाए। इसके अलावा जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी एवं अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह के निर्देशन में जोन क्षेत्र में मुरादनगर के ग्राम शोभापुर से बसंतपुर-सैंथली मार्ग पर ग्राम शोभापुर के खसरा संख्या-340 सुधीर चौधरी पुत्र ओमवीर लगभग 7 बीघा क्षेत्रफल में काटी जा रही अवैध कॉलोनी,परी फार्म हाउस के पास ग्राम बसंतपुर सैंथली के खसरा संख्या-190 पर अनिल त्यागी द्वारा लगभग 8 बीघा क्षेत्रफल में काटी जा रही अवैध कॉलोनी में प्लाटिंग, हनुमान मंदिर बंबा रोड पर शोभापुर से बसंतपुर-सैंंथली मार्ग पर खसरा संख्या-153 पर योगेंद्र सिंंह, सुधीर अग्रवाल व अनिल त्यागी द्वारा लगभग 8 बीघा क्षेत्रफल और शोभापुर बंबा रोड

मुरादनगर पर अमरीश त्यागी द्वारा लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में काटी जा रही 4 अवैध कॉलोनियों में बुलडोजर चलाकर प्लॉट बाउंड्रीवाल, सड़क, फ्लैट, साईट ऑफिस आदि को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा पाईपलाईन रोड दिव्य एयर प्रोडेक्ट फैक्ट्री के सामने मुरादनगर पर लगभग 400 वर्गमीटर क्षेत्रफल में सादाब, इदरीश द्वारा किए जा रहे व्यवसायिक निर्माण को टीम ने सील करने की कार्रवाई की गई। जीडीए अपर सचिव ने चेतावनी दी कि जीडीए द्वारा अवैध निर्माण पर लागातार कार्रवाई जारी रहेगी। निर्माणकर्ता और कॉलोनाइजर जीडीए सीमा क्षेत्र में भूमि पर विधिवत मानचित्र स्वीकृत के अनुसार ही निर्माण कराए।