गाजियाबाद। अंसल सुशांत एक्वापोलिस की स्वीकृत डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) में ईडब्ल्यूएस और एलआईजी भवनों के निर्माण के लिए नियोजित आरक्षित भूमि पर काटी जा रही अवैध कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) टीम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की अवैध कॉलोनी व अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के आदेश के क्रम में सोमवार को यह कार्रवाई की गई। जीडीए प्रवर्तन जोन-5 की प्रभारी ओएसडी गुंजा सिंह ने जोन क्षेत्र का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान पाया कि असंल सुशांत एक्वापोलिस के स्वीकृत डीपीआर में ईडब्लूएस और एलआईजी भवनों के निर्माण के लिए आरक्षित भूमि पर अवैध कालोनी में अवैध निर्माण किए जा रहे थे।
प्रवर्तन जोन प्रभारी ने सहायक अभियंता, अवर अभियंता एवं जीडीए पुलिस की मौजूदगी में मौके पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया। जोन प्रभारी ने निर्माणकर्ताओं को निर्देशित किया कि जीडीए से मानचित्र स्वीकृति के अनुसार ही कार्य कराए। किसी भी प्रकार का मानचित्र के विरूद्ध अवैध निर्माण न किया जाए। बगैर अनुमति के कोई भी निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। आमजन से अपील है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के कॉलोनाइजर द्वारा काटी जा रही अवैध कॉलोनियों में भूखंड,फ्लैट न खरीदें। इन अवैध कॉलोनियों के मानचित्र स्वीकृत नहीं होते हैं। बगैर मानचित्र स्वीकृति के भवन बनाने पर भवन को ध्वस्त किया जा सकता है। आगामी माह में भी इस प्रकार से ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग की कार्रवाई के लिए अभियान जारी रहेगा।
















