जीडीए का ऐतिहासिक फैसला: भीमाबाई पार्क बनेगा ‘संविधान स्मृति पार्क’

-जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स और विधायक संजीव शर्मा की मौजूदगी में पेश हुआ भव्य विकास प्रोजेक्ट, संविधान गैलरी और साहित्य वाटिका से सजेगा परिसर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर की ऐतिहासिक विरासत और संविधान निर्माताओं की स्मृति को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देने की दिशा में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने बड़ा कदम उठाया है। विजयनगर स्थित 1.48 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाले भीमाबाई पार्क को अब ‘संविधान स्मृति पार्क’ के रूप में विकसित किया जाएगा। मंगलवार को जीडीए सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में इस विशेष परियोजना का प्रेजेंटेशन जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स और सदर विधायक संजीव शर्मा के समक्ष पेश किया गया। इस दौरान जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, प्रभारी चीफ इंजीनियर आलोक रंजन, सहायक अभियंता रूद्रेश शुक्ला समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रेजेंटेशन के दौरान बताया गया कि पार्क को संविधान की आत्मा को समर्पित एक स्मृति स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। पार्क में एक ‘संविधान गैलरी पाथ-वे’ का निर्माण किया जाएगा, जहां भारतीय संविधान की प्रमुख धाराओं और मूल सिद्धांतों को दृश्यात्मक रूप से दर्शाया जाएगा।

एक विशाल संविधान स्मृति शिला भी स्थापित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, पार्क में ‘साहित्य वाटिका’ का निर्माण होगा जहां संविधान निर्माताओं, स्वतंत्रता सेनानियों और भारतीय विचारकों के विचारों व योगदान को विस्तार से दर्शाया जाएगा। बच्चों के लिए मनोरंजन स्थल और भविष्य की सभाओं/सांस्कृतिक आयोजनों के लिए विशेष मंच और ओपन एरिया भी विकसित किए जाएंगे। पार्क के एक हिस्से में भीमाबाई की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी, जो इस स्थल को सामाजिक चेतना और सम्मान का प्रतीक बनाएगी। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इस परियोजना को जल्द ही धरातल पर उतारने के लिए आरएफपी (रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) और ईओआई (एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट) जारी की जाएंगी। इसके ज़रिए अनुभवी एजेंसी को इस ऐतिहासिक स्मारक को मूर्त रूप देने का जिम्मा सौंपा जाएगा।

बैठक के दौरान विधायक संजीव शर्मा द्वारा सुझाए गए एक अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। सिद्धार्थ विहार स्थित प्रतीक ग्रैंड सिटी के पास स्थित चौराहे को जाम मुक्त और सुंदर बनाने की योजना पर भी काम शुरू किया जाएगा। यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए एक नई डिजाइन तैयार की जाएगी ताकि भविष्य में यहां यातायात बाधित न हो। गाजियाबाद के शहरी विकास में यह पार्क सांस्कृतिक, शैक्षिक और ऐतिहासिक महत्व का नया केंद्र बनने जा रहा है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स और विधायक संजीव शर्मा के निर्देशन में यह परियोजना सिर्फ एक पार्क नहीं, बल्कि संविधान और सामाजिक न्याय के मूल्यों को समर्पित एक सजीव प्रतीक बनेगी।

अतुल वत्स
जीडीए उपाध्यक्ष (वीसी)

संविधान स्मृति पार्क न केवल एक हरित परिसर होगा, बल्कि यह गाजियाबाद के नागरिकों के लिए संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों और सामाजिक समरसता की भावना को आत्मसात करने का एक प्रेरणादायक केंद्र बनेगा। हमारी प्राथमिकता है कि इस पार्क का हर कोना शिक्षाप्रद, जागरूकता से भरपूर और हर आयु वर्ग के लिए उपयोगी हो। बच्चों के लिए मनोरंजन, युवाओं के लिए इतिहास से जुड़ाव और समाज के लिए संविधान की आत्मा को जीवित रखने की दिशा में यह पार्क एक आदर्श उदाहरण होगा। हम जल्द ही इस परियोजना को जमीन पर उतारने के लिए अनुभवी एजेंसियों के लिए ईओआई और आरएफपी जारी कर रहे हैं, ताकि विकास कार्य गुणवत्ता, गरिमा और समयबद्धता के साथ पूरा हो सके
अतुल वत्स
जीडीए उपाध्यक्ष

संजीव शर्मा
सदर विधायक

भीमाबाई पार्क को संविधान स्मृति पार्क के रूप में विकसित करना सिर्फ एक विकास परियोजना नहीं, बल्कि यह सामाजिक जागरूकता, इतिहास से जुड़ाव और लोकतांत्रिक मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने की एक ऐतिहासिक पहल है। मैंने इस प्रस्ताव को जनता की भावनाओं और भविष्य की पीढिय़ों की शिक्षा को ध्यान में रखते हुए जीडीए के समक्ष रखा था, और मुझे प्रसन्नता है कि जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स जी ने इसे प्राथमिकता दी है। यह पार्क आने वाले समय में गाजियाबाद की पहचान बनेगा, जहां लोग सिर्फ सैर नहीं करेंगे, बल्कि संविधान की आत्मा को महसूस भी करेंगे।
संजीव शर्मा
सदर विधायक