-त्योहारी सीजन को ध्यान में रखकर उत्तर रेलवे की समीक्षा बैठक
नई दिल्ली। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने मंगलवार को बड़ौदा हाउस में प्रमुख विभागाध्यक्षों और मंडल रेल प्रबंधकों के साथ कार्य प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा में परिचालन दक्षता, ग्राहक संतुष्टि और निरंतर विकास की उत्तर रेलवे की प्रतिबद्धता को दोहराया गया। समीक्षा बैठक में आगामी त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार पर विचार-विमर्श किया गया। महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने स्टेशनों पर रेल यात्रियों के सुगम आवागमन के अलावा अन्य सुविधाओं की उचित व्यवस्था तथा दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा जैसे पर्व के दौरान अतिरिक्त भीड़-भाड़ की सुविधाजनक निकासी पर जोर दिया। उन्होंने पर्व विशेष रेलगाड़ियों की व्यवस्था तथा प्लेटफार्मों पर साफ-सफाई की भी समीक्षा की।
महाप्रबंधक वर्मा ने कार्बन फुटप्रिंट में कमी लाकर हरित उपायों के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावी कचरा प्रबंधन उपायों से कचरे के उत्सर्जन में कमी आई है। उत्तर रेलवे सौर- ऊर्जा, ऊर्जा-दक्ष प्रकाश व्यवस्था तथा पर्यावरण अनुकूल उपायों से अपने पर्यावरणीय फुट प्रिंट्स में कमी लाकर महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उत्तर रेलवे अपने ग्राहकों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। बता दें कि त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर रेलवे ने विशेष रेलगाड़ियों का संचालन आरंभ किया है। खासकर उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को इसका काफी लाभ मिल रहा है।
















