सड़कों की मरम्मत समेत किसानों की सामूहिक शिकायत कराए निस्तारित: डीएम

उदय भूमि
गाजियाबाद। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने किसान दिवस में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों की मरम्मत से लेकर किसानों की सामूहिक शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया जाए। बुधवार को विकास भवन के दुर्गावती देवी सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सीडीओ अभिनव गोपाल, एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह,उप कृषि निदेशक रामजतन मिश्रा,जिला गन्ना अधिकारी प्रदीप कुमार तेवतिया समेत अन्य अधिकारियों और लगभग 80 किसानों के साथ किसान दिवस की बैठक की। बैठक में पिछले दिनों हुए किसान दिवस की शिकायतों के बारे में विस्तृत चर्चा की गई। उप कृषि निदेशक रामजतन मिश्रा ने शिकायतों से संबंधित प्राप्त आख्याओं का विभागवार किसानों को अवगत कराया। जिलाधिकारी के समक्ष किसान प्रमोद त्यागी ने विद्युत विभाग की शिकायत के निस्तारण की बात रखी।

इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर लें। यह कार्य कब किया जाना है। इससे शिकायतकर्ता को भी अवगत करा दें। लोक निर्माण विभाग खंड-2 के अधिशासी अभियंता राम राजा को निर्देशित किया कि जनपद की सभी सड़कों का सर्वे करा लिया जाए। जिससे मरम्मत एवं नई सड़क बनाने के लिए अग्रिम कार्रवाई की जा सकें। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने नगर निगम के अपर नगर आयुक्त और सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को ग्राम दुहाई में तालाबों की सफाई एवं तालाबों की जमीन कब्जा मुक्त करने के संबंध में राजस्व के अधिकारी एक साथ बैठक कर इस समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए।

इनके अलावा किसानों की अन्य समस्याओं पर भी विस्तृत रूप से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि किसानों की जो व्यक्तिगत समस्याएं हैं। उसी विभाग से समन्वय स्थापित कर निस्तारित करा लिया जाए। जो सामूहिक शिकायतें है,उनका निस्तारण किसान दिवस में कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोई भी कार्य कब स्वीकृत हुआ, कब तक पूर्ण किया जाना है। इसका स्पष्ट उल्लेख अपनी आंख्या में अवश्य करें।