अवैध शराब के अड्डों को समाप्त कराएं नहीं तो फिर खुद रहें कार्रवाई के लिए तैयार: सुनील कुमार मिश्रा

-संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ ने अधिकारियों के साथ बैठक में दिए कार्रवाई के निर्देश
-अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों को नए रोजगार से जोड़ा जाए

गौतमबुद्ध नगर। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में अवैध शराब के अड्डों को पूरी तरह समाप्त करने के लिए कार्ययोजना तैयार कर  आबकारी निरीक्षक लगातार छापेमारी करें और शराब बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई करें। यह कार्रवाई एक दिन नहीं, लगातार की जाए। जिससे अवैध अड्डों से बिकने वाली शराब को रोका जा सकें। किसी भी सूरत में अवैध शराब का कारोबार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उक्त बातें मंगलवार को संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ सुनील कुमार मिश्रा ने गौतमबुद्ध नगर आबकारी अधिकारी कार्यालय में जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार मिश्रा,
आबकारी निरीक्षक सेक्टर-1 गौरव चन्द, सेक्टर-2 रवि जायसवाल, सेक्टर-3 शिखा ठाकुर, सेक्टर-4 अभिनव शाही, सेक्टर-5 चन्द्रशेखर सिंह, सेक्टर-6 नामवर सिंह एवं सेक्टर-7 आशीष पाण्डेय, हेमलता रंगनानी के साथ बैठक करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में अवैध शराब बनती और बिक्री होती पाई गई, उसके लिए संबंधित आबकारी निरीक्षक को जिम्मेदार मानते हुए कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इसलिए कार्रवाई से बचने के लिए खुद कार्ययोजना तैयार कर प्रतिदिन शराब तस्करों पर कार्रवाई करें। इन दिनों अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान की समीक्षा करते हुए कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया। जिला आबकारी अधिकारी से अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी मांगी गई। जिसमें बताया गया कि प्रतिदिन टीमें बनाकर दबिश दी जा रही है और अवैध शराब बनाने वालों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ सुनील कुमार मिश्रा ने कहा जरूरी है कि जिले में अवैध शराब का धंधा पूरी तरह से बंद कराया जाए। जो लोग इस धंधे में लिप्त हैं उन्हें जागरूक करते हुए नए रोजगार से जोड़ा जाए। अगर फिर भी ऐसे लोग नहीं समझ रहे है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। जिसके लिए सभी आबकारी निरीक्षक अपनी जिम्मेदारी लें और क्षेत्र में जुट जाए। प्रतिदिन दुकानों का निरीक्षण करें और डिजिटल पेमेंट के लिए भी विक्रेताओं को निर्देश दिए जाए। दुकानों के आसपास बिकने वाली अवैध शराब के कारोबार को खत्म करने के लिए विक्रेताओं के साथ बैठक कर उन्हें भी सतर्क रहने के निर्देश दिए जाए। मिलावटी और नकली शराब की बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगाएं।

आबकारी विभाग के  निर्धारित लक्ष्य से अधिक राजस्व प्राप्ति हमारी प्राथमिकता है। जिसके लिए भी आबकारी अधिकारी ध्यान दें। राजस्व वसूली में बढोत्तरी तभी होगी, जब अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह से रोक लग सकेगी। सभी निरीक्षकों को अधिकाधिक उठान करवाने, नियमित रूप से दुकानों की चेकिंग व टेस्ट परचेज करवाने, सीसीटीवी कैमरों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने और उत्कृष्ट प्रवर्तन कार्य करने के निर्देश दिए। संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ सुनील कुमार मिश्रा ने बैठक के उपरांत आबकारी अधिकारी एवं निरीक्षकों के साथ कुशाग्र बंसल एफ एल 2, एफ एल 2बी का निरीक्षण किया। साथ ही निर्देश दिए कि वह अपने गोदामों पर स्टॉक की उपलब्धता अधिक मात्रा में सुनिश्चित करें। साथ ही सभी पॉपुलर ब्रांड्स अपने गोदामों पर रखे, यह भी निर्देशित किया कि गोदाम के सीसीटीवी कैमरा सुचारू रूप से रखें। अभिलेखों के पूर्ण रखने एवं लाइसेंस की सभी शर्तों एवं नियमों का शत प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए। नियमों का पालन नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।