-टैक्स विभाग की टीम को दिया गया प्रशिक्षण, नोटिस जारी करने, टैक्स बिल में नाम परिवर्तन के साथ होंगी सभी सुविधाएं
-निगम के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली होगी स्मार्ट
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा गाजियाबाद 311 ऐप लॉन्च किया जाना है। यह ऐप शहरवासियों की सुविधा के साथ निगम के विभागों के लिए भी सुविधाजनक होगा। बुधवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर नगर निगम सभागार में 311 ऐप को लेकर टैक्स विभाग की टीम को प्रशिक्षण दिया गया। इस ऐप के जरिए कम समय में अधिक कार्य किया जा सकेगा। निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि नगर आयुक्त के नेतृत्व में गाजियाबाद 311 ऐप का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। इसके लिए सभी विभागों से संबंधित जानकारी एवं मुख्य बिंदुओं को निगम के अधिकारियों और टीम को बताने के लिए प्रशिक्षण दिया गया। इसके जरिए किस प्रकार से समस्याओं का समाधान किया जाना है। ऐप का प्रेजेंटेशन दिया गया।
इस दौरान जोनल प्रभारियों के साथ जोन की अन्य टीम को प्रशिक्षण दिया गया। जोन कार्यालय से टैक्स अधीक्षक, राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे। इसमें टैक्स विभाग से संबंधित सभी बिंदुओं पर चर्चा हुई। यह बताया गया कि टैक्स जमा करने से लेकर टैक्स संबंधी नोटिस जारी करने, टैक्स बिल में नाम परिवर्तन करने, नया टैक्स लगाने आदि विषयों पर गाजियाबाद 311 ऐप के माध्यम से जानकारी दी गई।
ऐप में उपस्थिति की प्रक्रिया को भी समझाया गया। नगर निगम के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली को स्मार्ट किया जाएगा। इसलिए इस ऐप 311 के इस्तेमाल करने से शहरवासियों को लाभ प्राप्त होने के साथ निगम की कार्यशैली को भी सरल किया जा सकेगा। इसलिए सभी विभाग अधिकारियों और टीम को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जा रहा हैं।

















