गाजियाबाद के डीएम का तबादला, राकेश कुमार सिंह होंगे नए डीएम, योगी सरकार ने किया एक दर्जन IAS अधिकारियों का ट्रांसफर

उदय भूमि ब्यूरो
लखनऊ/ गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार में चल रहे राजनैतिक रस्साकशी के बीच ब्यूरोक्रेसी में फेरबदल का दौर शुरू हो गया है। एक दर्जन IAS अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। गाजियाबाद के जिलाधिकारी को प्रोन्नति मिली है और उन्हें झांसी का कमिश्नर बनाया गया। मुरादाबाद के डीएम राकेश कुमार सिंह को गाजियाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया है। राकेश कुमार सिंह पूर्व में गाजियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त भी रहे हैं।
योगी सरकार ने बृहस्पतिवार की देर रात कई आईएएस अफसरों का तबादला कर दिया। शुक्रवार सुबह यह सूची मीडिया तक पहुंची। तबादले की सूची में कई जिलों के डीएम शामिल है। रामी रेड्डी को उद्यान विभाग में एसीएस बनाया गया है वही, बीएल मीणा को सहकारिता में एसीएस बनाए गए। सुधीर गर्ग को वन विभाग से हटाकर दुग्ध विभाग मैं प्रमुख सचिव बनाये गए हैं। अरविंद चौरसिया को लखीमपुर, अंकित अग्रवाल को एटा, बालकृष्ण त्रिपाठी को अमरोहा, शैलेंद्र सिंह को मुरादाबाद का डीएम बनाया गया है।
दरअसल उत्तर प्रदेश में जबरदस्त राजनैतिक खींचतान चल रही है इन्हीं, सबके बीच यह भी कयास लगाए जा रहे थे कि जल्द ही उत्तर प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया जाएगा। इसी कड़ी में यह तबादले की पहली सूची जारी की गई है। सरकार ने डीएम के अलावा अपर मुख्य सचिव प्रमुख सचिव और मंडलायुक्त के तबादले किए हैं। शासन से जुड़े सूत्र बताते हैं कि अधिकारियों को परफॉर्मेंस के आधार पर तैनाती दी गई है। मनोज सिंह को वन विभाग का एसीएस बनाया गया। रवीन्द्र नायक कोो प्रमुख सचिव समाज कल्याण और एनजी रवि कुमार को गोरखपुर का मंडलायुक्त बनाया गया है। मुकेश मेश्राम पर्यटन के डीजी का चार्ज संभालेंगे।