गाजियाबाद डीएम की सख्त पहल: “नो हेलमेट-नो पेट्रोल” अभियान शुरू, बोले- जीवन है अनमोल

-जनपद गाजियाबाद में एक माह तक चलेगा विशेष अभियान, पेट्रोल पंप संचालकों को मिले सख़्त निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सड़क सुरक्षा को लेकर जनपद में बड़ा अभियान शुरू हो चुका है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने दोपहिया वाहन चालकों को संदेश देते हुए कहा कि अब बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा। “नो हेलमेट-नो पेट्रोल, आपका जीवन है अनमोल” नामक यह अभियान पूरे महीने, 1 सितम्बर से 30 सितम्बर तक चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य हेलमेट न पहनने के कारण बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और आमजन को जीवन की सुरक्षा के लिए जागरूक करना है। डीएम ने स्पष्ट कहा कि केंद्रीय मोटरयान अधिनियम-1988 की धारा 129 तथा उत्तर प्रदेश मोटरयान नियमावली-1998 के नियम 201 के अंतर्गत दोपहिया चालक और पीछे बैठने वाला सवारी, दोनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है।

इन प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों पर अधिनियम की धारा 177 के तहत जुर्माना लगाया जाएगा। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी पेट्रोल पंप मालिकों और संचालकों को निर्देश दिए कि वे अपने पंप पर कम से कम 10 वर्ग फीट आकार में “नो हेलमेट-नो पेट्रोल, आपका जीवन है अनमोल” संबंधी बैनर और होर्डिंग लगाएँ। पंप कर्मचारी सुनिश्चित करेंगे कि बिना हेलमेट आए किसी भी चालक या सहयात्री को पेट्रोल न दिया जाए। डीएम ने यह भी आदेश दिया कि सभी पेट्रोल पंप परिसर में सीसीटीवी कैमरे हर समय सक्रिय रहें।

विवाद की किसी भी स्थिति में सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा कर कार्यवाही की जाएगी। अभियान की गंभीरता पर जोर देते हुए डीएम मांदड़ ने कहा कि हेलमेट केवल कानूनी बाध्यता नहीं है, बल्कि यह जीवन रक्षक ढाल है। हमारा उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। हर नागरिक को यह समझना होगा कि उसका जीवन परिवार और समाज के लिए अनमोल है।