दीपावली से पहले गाजियाबाद फायर सर्विस पूरी तरह अलर्ट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी की नेतृत्व में बढ़ी फायर सेफ्टी मुहिम

-इंदिरापुरम और लोनी के स्कूलों में फायर ड्रिल का आयोजन, छात्रों ने सीखे जीवन रक्षक उपाय
-अग्नि सुरक्षा जागरूकता ही है असली सुरक्षा कवच : राहुल पाल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी दीपावली पर्व को सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त बनाने के उद्देश्य से फायर सर्विस ने कमर कस ली है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के नेतृत्व में फायर विभाग शहर भर में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चला रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जे.के.जी. इंटरनेशनल स्कूल इंदिरापुरम और सलवान पब्लिक स्कूल सेक्टर-सी-7 ट्रोनिका सिटी, लोनी में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें फायर सर्विस की टीमों ने बच्चों और शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में आत्मसुरक्षा के उपाय सिखाए। इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य केवल आग बुझाने की प्रक्रिया दिखाना नहीं था, बल्कि यह समझाना था कि आपात स्थिति में घबराने के बजाय सजगता और संयम से कैसे काम लिया जाए। अभ्यास के दौरान फायर सर्विस टीम ने आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर पूरे स्कूल को इवैक्यूएट कराया। सायरन बजते ही छात्रों को क्रमबद्ध तरीके से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जबकि शिक्षकों ने फायर एक्सटिंग्विशर का प्रयोग करना सीखा। फायर सर्विस कर्मियों ने विद्यार्थियों को गैस सिलेंडर लीक होने, इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट, पटाखों से लगी आग और रसोईघर में लगी आग से बचने के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए। बच्चों ने खुद फायर सिलेंडर पकड़कर अभ्यास किया और बुझाई गई आग पर ताली बजाकर अपनी खुशी जाहिर की।

राहुल पाल की कार्यशैली बनी प्रेरणा- अनुशासन, तत्परता और जनजुड़ाव का संगम
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने न केवल कार्यक्रम की निगरानी की, बल्कि स्वयं मौके पर बच्चों और शिक्षकों से संवाद किया। उन्होंने अत्यंत सहजता और प्रेरणादायक अंदाज़ में बताया कि अग्नि सुरक्षा केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जीवन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दीपावली के समय आग लगने की घटनाएँ बढ़ जाती हैं, लेकिन यदि हम थोड़ी सी सावधानी बरतें और सही ज्ञान अपनाएँ तो हर घर, हर स्कूल और हर बाज़ार सुरक्षित रह सकता है। अग्नि सुरक्षा जागरूकता ही असली सुरक्षा कवच है। राहुल पाल की कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे फील्ड में उतरकर स्वयं प्रशिक्षण और निरीक्षण में भाग लेते हैं। वे केवल निर्देश देने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि टीम के साथ मिलकर प्रैक्टिकल एक्सरसाइज, रियल-टाइम मॉनिटरिंग और पब्लिक इंटरएक्शन के माध्यम से नागरिकों में विश्वास जगाते हैं। फायर सर्विस विभाग में उनके नेतृत्व में अनुशासन, तत्परता और जन-जुड़ाव का नया मानक स्थापित हुआ है। उनकी कोशिश है कि हर नागरिक आग बुझाने का नहीं, बल्कि आग से बचने का तरीका सीखे।

फायर सर्विस का आधुनिक रूप- तकनीक और तत्परता का संगम
गाजियाबाद फायर सर्विस अब तकनीकी रूप से भी मजबूत हो रही है। विभाग के पास अत्याधुनिक फायर टेंडर, मिनी टेंडर, वॉटर मिस्ट सिस्टम, रेस्क्यू उपकरण और प्रशिक्षित फायर कर्मियों की टीमें हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में शहर के सभी स्कूलों, बाजारों और औद्योगिक क्षेत्रों में फायर सेफ्टी ऑडिट और मॉक ड्रिल अभियान चलाया जा रहा है। राहुल पाल ने बताया कि दीपावली के दौरान फायर सर्विस की टीमें 24 घंटे सतर्क ड्यूटी पर रहेंगी। सभी फायर स्टेशन हाई अलर्ट पर हैं और हर घटना स्थल पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।

बच्चों से मिली सराहना, अभिभावकों ने जताया भरोसा
फायर ड्रिल के बाद छात्रों और शिक्षकों ने फायर टीम का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। अभिभावकों ने कहा कि ऐसे अभ्यास बच्चों को न केवल आत्मविश्वासी बनाते हैं बल्कि घर पर भी सावधानी के महत्व को समझने में मदद करते हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल आग बुझाना नहीं, बल्कि लोगों को इतना जागरूक बनाना है कि आग लगने की नौबत ही न आए। दीपावली खुशियों का त्योहार है, इसे सुरक्षित रखकर ही सच्चा आनंद लिया जा सकता है। कार्यक्रम के समापन पर फायर टीम ने सुरक्षित दीपावली, जागरूक नागरिक बनें का संदेश दिया और छात्रों को फायर सेफ्टी बुकलेट वितरित की। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद, विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

राहुल पाल
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ)

दीपावली का पर्व खुशियों का प्रतीक है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है। हमारा उद्देश्य केवल आग बुझाना नहीं, बल्कि लोगों को इतना जागरूक बनाना है कि आग लगने की नौबत ही न आए। फायर सेफ्टी की जानकारी हर नागरिक के पास होनी चाहिए, क्योंकि जागरूकता ही असली सुरक्षा कवच है। गाजियाबाद फायर सर्विस टीम लगातार स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर मॉक ड्रिल के माध्यम से लोगों को प्रशिक्षित कर रही है। हम चाहते हैं कि नागरिक खुद अपनी और अपने आस-पास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। हमारी सभी टीमें दीपावली के दौरान 24 घंटे अलर्ट पर रहेंगी। किसी भी आपात स्थिति में फायर सर्विस तुरंत मौके पर पहुंचेगी। नागरिकों से अपील है कि पटाखों का सीमित उपयोग करें, बिजली की सजावट में सावधानी बरतें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 101 नंबर पर संपर्क करें।
राहुल पाल
मुख्य अग्निशमन अधिकारी