-बकरीद पर शांति और सौहार्द बनाए रखने को प्रशासन अलर्ट, पीस कमेटी बैठक में दिए सख्त निर्देश
-ईद-उल-जुहा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयार किया सुरक्षा का व्यापक खाका
-ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
-मस्जिदों और ईदगाहों में साफ-सफाई, बिजली और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिला स्तरीय पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी रवींद्र कुमार माँदड़ और अपर पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) राजकरन नैय्यर ने की। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, चिकित्सा, विद्युत, अग्निशमन, पंचायती राज और नगरीय निकाय विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही उद्योग मंडल, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न मस्जिदों के इमाम, धर्मगुरु और शहर के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रवींद्र कुमार माँदड़ ने कहा कि गाजियाबाद हमेशा से आपसी भाईचारे और सौहार्द की मिसाल रहा है। उन्होंने सभी धर्मगुरुओं और नागरिकों से अपील की कि बकरीद का त्योहार पूरी शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाए तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुर्बानी की रस्म किसी भी सार्वजनिक स्थान या खुले क्षेत्र में नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी लोग इस बात का विशेष ध्यान रखें कि किसी भी समुदाय की भावनाएं आहत न हों और त्योहार का माहौल सौहार्दपूर्ण बना रहे। अपर पुलिस आयुक्त राज करन नैय्यर ने कहा कि त्योहार के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और ड्रोन तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति भ्रामक, आपत्तिजनक या माहौल बिगाडऩे वाली पोस्ट, फोटो अथवा वीडियो साझा न करे। यदि कोई व्यक्ति सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे की कोशिश करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नगर निगम और संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि ईदगाहों और प्रमुख मस्जिदों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाए। वहां शुद्ध पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा कुर्बानी के बाद पशुओं के अवशेषों के उचित निस्तारण को लेकर भी प्रशासन ने विशेष तैयारी के निर्देश दिए। नगर निगम को कहा गया कि अवशेषों को सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और नालियों में फेंके जाने से रोकने के लिए पर्याप्त व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी रवींद्र कुमार माँदड़ ने विद्युत विभाग को त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं नगर निगम और अन्य विभागों को साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा गया। बैठक के दौरान उपस्थित धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सभी ने मिलकर बकरीद का पर्व शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान हर स्थिति पर नजर रखी जाएगी और नागरिकों की सुरक्षा तथा सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
















