-कविनगर, मोहन नगर और वसुंधरा जोन में विकास की बयार, शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का लिया संकल्प
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद शहर में चहुंमुखी विकास को नई गति देते हुए मंगलवार को महापौर सुनीता दयाल ने कविनगर जोन, मोहन नगर जोन एवं वसुंधरा जोन में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से 9 प्रमुख विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास कर कार्यों की शुरुआत कराई। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय पार्षदों और नागरिकों में विकास कार्यों को लेकर उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। महापौर का विभिन्न स्थानों पर पुष्पगुच्छ, मालाओं एवं जोरदार स्वागत के साथ आभार व्यक्त किया गया। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि आज गाजियाबाद शहर के चारों ओर विकास की स्पष्ट लहर दिखाई दे रही है। नगर निगम द्वारा सड़क, नाली, नाला, सौंदर्यकरण और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े कार्य निरंतर कराए जा रहे हैं, जिससे आमजन को मूलभूत सुविधाएं सुलभ हो रही हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में गाजियाबाद नगर निगम क्षेत्र में लगभग 700 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य विभिन्न चरणों में प्रगति पर हैं, जिनका क्रियान्वयन नगर आयुक्त एवं नगर निगम के अधिकारियों के नेतृत्व में किया जा रहा है।
शिलान्यास किए गए कार्यों में वसुंधरा जोन के वार्ड-36 में अटल चौक से जयपुरिया स्कूल होते हुए डबल रोड पर जलकल परिसर तक आरसीसी नाले का निर्माण, वार्ड-37 छत्रपति शिवाजी से श्मशान घाट तक दोनों ओर आरसीसी नालों का निर्माण, विवेकानंद नगर में सामुदायिक केंद्र की बाउंड्रीवाल, इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं पहुंच मार्ग का विकास, रामनगर और जनकपुरी क्षेत्रों में सड़कों और नालियों का निर्माण, वैशाली सेक्टर-03 व 04 में आरसीसी नालों का निर्माण, ठाकुर द्वारा से जीएसटी भवन हापुड़ चुंगी तक सेंट्रल वर्ज का सौंदर्यकरण, जनकपुरी व श्याम एन्क्लेव में सड़क निर्माण तथा जीटी रोड से साहिबाबाद स्टेशन रोड क्षेत्र में आरसीसी नाले का निर्माण शामिल है। इन सभी कार्यों के पूर्ण होने से जलभराव की समस्या से राहत, यातायात सुगमता और क्षेत्रीय सौंदर्य में उल्लेखनीय सुधार होगा। महापौर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी विकास कार्यों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए, निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि नागरिकों को लंबे समय तक टिकाऊ और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर महापौर ने स्वच्छता को लेकर भी आमजन से सहयोग की अपील की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि खुले में कूड़ा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिक अपने घर का कूड़ा केवल कूड़ा गाड़ी में ही डालें और यदि किसी दिन गाड़ी न आए तो कूड़ा सुरक्षित रूप से बांधकर रखें तथा अगले दिन गाड़ी में ही डालें। नालों, सड़कों या खुले स्थानों पर कूड़ा डालने वालों की जिम्मेदारी स्वयं उस व्यक्ति की होगी और उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि यह सभी विकास कार्य प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का परिणाम हैं। उनका संकल्प है कि गाजियाबाद शहर की कोई भी गली विकास से अछूती न रहे और शहर साफ, सुंदर व सुव्यवस्थित बने। उन्होंने कहा कि शहर का विकास केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब तक स्थानीय लोग अपनी भागीदारी नहीं निभाएंगे, तब तक शहर को आदर्श रूप में विकसित करना संभव नहीं है। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान पार्षद राजकुमार नगर, मंडल अध्यक्ष वरुण नागर, पार्षद सचिन डागर, पार्षद रामनिवास बंसल, पार्षद रवि भाटी, पार्षद कालीचरन पहलवान, पूर्व पार्षद सरदार सिंह भाटी, पार्षद प्रतिमा शर्मा, पार्षद नीलम भारद्वाज, सचिन सोनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
















