-शहर की हर प्रमुख सड़क पर चुन-चुन कर भरे जा रहे गड्ढे
-जीएसबी और रेडी मिक्स मटेरियल से मजबूत की जा रहीं सड़कें
-नगर आयुक्त के निर्देश पर सभी जोन में दिन-रात अभियान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम निर्माण विभाग ने शहर की मुख्य और आंतरिक सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशानुसार निगम की टीम सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर रही है और चुन-चुन कर छोटे से छोटे गड्ढों को भी भरने का कार्य किया जा रहा है। यह पहल विशेष रूप से इंदिरापुरम, मोहन नगर, वसुंधरा, विजयनगर, कवि नगर और सिटी जोन में चल रही है। नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता निर्माण और उनकी टीम को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि छोटे गड्ढों को बड़ा होने से पहले ही भर दिया जाए ताकि सड़क दुर्घटनाओं और असुविधाओं से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि छोटे गड्ढों पर विशेष ध्यान देने से शहर की सड़कें सुरक्षित और सुचारू बनी रहेंगी।
निर्माण विभाग ने मुख्य मार्गों और आंतरिक मार्गों पर गड्ढा मुक्त अभियान को तेज कर दिया है। अभियान के तहत गड्ढों को भरने के लिए पोट हॉल पैचिंग मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे कार्य सरल और तेज़ हो रहा है। इसके अलावा मैन्युअल टीमें और अन्य उपकरण भी गड्ढों को भरने में मदद कर रहे हैं। अभियान के दौरान छोटे गड्ढों के साथ-साथ बड़े गड्ढों पर भी कार्य किया जा रहा है, ताकि शहर की सड़कों को पूर्ण रूप से सुरक्षित और सुचारू बनाया जा सके। नगर निगम की इस पहल से शहरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के जरिए सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी और गाडिय़ों के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित होंगे।
साथ ही, सड़क की लंबी उम्र सुनिश्चित करने और नागरिकों के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस अभियान में निगम की टीम दिनभर सक्रिय रहती है और आवश्यकतानुसार गड्ढों की पहचान कर उन्हें भरने का कार्य करती है। नगर आयुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को लगातार बनाए रखा जाए और शहर की सभी मुख्य सड़कों को जल्द से जल्द गड्ढा मुक्त किया जाए। नगर निगम निर्माण विभाग की यह पहल शहरवासियों के लिए सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारी और कर्मचारी दोनों मिलकर गड्ढा मुक्त शहर बनाने में जुटे हुए हैं।
ग्रेन्यूलर सब बेस और तारकोल मैक्स मटेरियल का इस्तेमाल
निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गड्ढों को भरने के प्रथम चरण में ग्रेन्यूलर सब बेस का इस्तेमाल किया जाता है। इसके बाद गड्ढों को समतल करने के लिए तारकोल मैक्स मटेरियल का प्रयोग किया जा रहा है। यह प्रक्रिया सड़क की मजबूती और लंबे समय तक टिकाऊपन सुनिश्चित करती है। इस तरह छोटे गड्ढों को भरने का काम भी बड़े गड्ढों की तरह प्रभावी ढंग से किया जा रहा है।
प्लांट बंद होने पर रेडी मिक्स का इस्तेमाल
मुख्य अभियंता निर्माण ने बताया कि प्लांट बंद होने की स्थिति में भी निगम ने गड्ढा भराव का काम बंद नहीं किया। इस दौरान रेडी मिक्स बाग का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसमें तारकोल मटेरियल शामिल है। इसके द्वारा निगम की प्रमुख सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जा रहा है। पिछले एक सप्ताह से यह अभियान लगातार जारी है और इसमें छोटे गड्ढों के साथ-साथ बड़े गड्ढों का भी भराव किया जा रहा है।

नगर आयुक्त
नगर निगम का उद्देश्य केवल बड़े गड्ढों को भरना नहीं है, बल्कि सड़क पर बनने वाले छोटे गड्ढों को भी समय रहते समाप्त करना है, ताकि वे आगे चलकर बड़ी समस्या न बनें। शहर की सभी प्रमुख और आंतरिक सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाए रखना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक जोन में निर्माण विभाग की टीमें लगातार स्थलीय निरीक्षण कर रही हैं और जहां भी सड़क क्षतिग्रस्त पाई जा रही है, वहां तत्काल मरम्मत कराई जा रही है। ग्रैप के चलते प्लांट बंद होने की स्थिति में भी वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जीएसबी और रेडी मिक्स तारकोल सामग्री का उपयोग कर सड़क सुधार कार्य जारी रखा गया है। पोटहोल पैचिंग मशीन सहित आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए कार्य की गुणवत्ता और गति दोनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और नागरिकों को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यातायात सुविधा सुनिश्चित की जाए।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

















