-600 सफाई मित्र भगवा परिधान में निभा रहे हैं शिवभक्तों की सेवा, नगर आयुक्त और महापौर खुद कर रहे व्यवस्था की निगरानी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। इन दिनों ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज रहा है। कांवड़ यात्रा महोत्सव के पावन अवसर पर जहां पूरा शहर शिव भक्ति में लीन है, वहीं गाजियाबाद नगर निगम भी पूरी तरह शिवमय हो गया है। कांवड़ यात्रियों के स्वागत, सेवा और स्वच्छता व्यवस्था में नगर निगम की पूरी मशीनरी जुटी हुई है। शहर के विभिन्न हिस्सों में भगवा रंग के ड्रेस कोड में तैनात 600 सफाई मित्र पूरे समर्पण भाव से काम कर रहे हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अगुवाई में नगर निगम के सभी विभाग निर्माण, जलकल, प्रकाश, स्वास्थ्य, उद्यान और स्वच्छता मिलकर एक समर्पित टीम के रूप में कार्य कर रहे हैं। सड़कों की साफ-सफाई से लेकर शिविरों में भोजन, विश्राम, जल और प्रकाश की व्यवस्था तक, हर पहलू में निगम का समर्पण स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
नगर निगम द्वारा आयोजित प्रमुख शिविरों में से एक साइ उपवन शिविर पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त रखा गया है। इस शिविर में कांवड़ यात्रियों को ठहरने, भोजन, स्नान और स्वास्थ्य सुविधा की समुचित व्यवस्था की गई है। नगर आयुक्त स्वयं शिविर में पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं और भोजन वितरण जैसी सेवाओं में हाथ बंटा रहे हैं। शिविरों में पुष्प वर्षा का आयोजन भी भव्यता से किया गया, जिससे शिवभक्तों के चेहरे खिल उठे। नगर आयुक्त ने स्वयं शिविरों में कांवडिय़ों को भोजन परोसा और सेवा के इस भाव को नगर निगम की पहचान बताया।
महिला कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष शिविर, महिला सफाई कर्मियों की विशेष तैनाती
महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि इस वर्ष नगर निगम ने महिला कांवड़ यात्रियों के लिए अलग से शिविर स्थापित किए हैं जिनमें विश्राम, स्नान, शौचालय और स्वच्छता की विशेष व्यवस्था की गई है। इन शिविरों में महिला सफाई मित्रों की अलग से ड्यूटी लगाई गई है ताकि किसी भी महिला श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। महापौर ने पार्षदों, निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह सेवा भाव गाजियाबाद को एक आदर्श नगर निगम के रूप में स्थापित करता है।
रात्रि से लेकर सुबह और फिर दिन भर, तीनों शिफ्ट में तैनात हैं सफाई कर्मी
स्वास्थ्य विभाग के जोनल सेनेटरी ऑफिसर ओमपाल ने जानकारी दी कि सफाई व्यवस्था को दिन-रात चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए तीन शिफ्टों में 600 सफाई मित्रों की ड्यूटी लगाई गई है। यह सफाई मित्र मिल्क दुहाई गांव से लेकर मेरठ रोड तिराहे, सीमापुरी बॉर्डर, मोहन नगर, कौशांबी, इंदिरापुरम, वसुंधरा और डायमंड फ्लाईओवर तक के सभी मुख्य रूट्स पर निरंतर सफाई कार्य में जुटे हुए हैं। सड़क किनारे बनाए गए मोबाइल शौचालयों की सफाई, शिविरों के अंदर स्वच्छता, मंदिरों के आसपास की सफाई और कांवड़ मार्ग की नियमित सफाई सुनिश्चित की जा रही है।
भक्ति में ड्यूटी, ड्यूटी में भक्ति – ‘कांवड़ महोत्सव को सफल बना रहा गाजियाबाद नगर निगम
गाजियाबाद नगर निगम के कर्मचारी इस बार न केवल प्रशासनिक ड्यूटी निभा रहे हैं, बल्कि एक सच्चे शिवभक्त की तरह श्रद्धा के साथ भी काम कर रहे हैं। सफाई कर्मियों की भगवा टीशर्ट और सेवाभाव उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक बन चुकी है। नगर आयुक्त ने कहा कि सेवा भाव के साथ जब कर्म का समर्पण जुड़ता है, तब ही किसी आयोजन की सफलता संभव होती है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम की टीम सेवा, सतर्कता और समर्पण के साथ कांवड़ महोत्सव को सफल बना रही है, जो हर नागरिक के लिए गर्व का विषय है।

















