गाजियाबाद। नगर निगम कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव कराने और बोर्ड बैठक कराने के लिए महापौर सुनीता दयाल ने विशेष सत्र बुलाया है। महापौर ने नगर आयुक्त व सदन सचिव को बोर्ड बैठक कराने के लिए एजेंडा तैयार कराकर तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए है। आगामी 19 जुलाई को बोर्ड बैठक होगी। जबकि 20 जुलाई को निगम कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव कराने के लिए बैठक बुलाई गई है। महापौर ने संपत्तिकर में डीएम सर्किल रेट से बढ़ोतरी किए जाने के संबंध में विशेष सत्र बुलाया है। बैठक में पार्षदों द्वारा हंगामा किए जाने के आसार दिख रहे है। महापौर और पार्षद डीएम सर्किल रेट से हाउस टैक्स लगाने का विरोध करते आ रहे हैं। मगर नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक सदन और कार्यकारिणी से अलग हटकर डीएम सर्किल रेट से हाउस टैक्स लागू करने पर आमदा दिख रहे हैं।
इसकी शिकायत पूर्व पार्षद राजेंद्र त्यागी ने जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरूण से भी की है। महापौर सुनीता दयाल ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर आगामी 19 जुलाई को सुबह 11 बजे से सदन की बैठक कराने के लिए कहा है। बैठक में मुख्य एजेंडा संपत्तिकर में बढ़ोतरी किए जाने का ही रहेगा। महापौर ने सभी पार्षदों को बैठक का एजेंडा समय से पहुंचाने के लिए भी कहा है। लंबे समय बाद होने वाली बोर्ड बैठक में हाउस टैक्स में बढ़ोतरी के विरोध में पार्षदों द्वारा हंगामा करने की प्रबल संभावना दिख रही है। नगर निगम का टैक्स विभाग नए हाउस टैक्स नई संपत्तियों पर डीएम सर्किल रेट से वसूली कर रहा हैं। इसका पार्षद विरोध भी कर रहे हैं।
मगर बिल भेजने के बाद अब वसूली की जा रही है। महापौर का कहना है कि डीएम सर्किल रेट से हाउस टैक्स नहीं लगने दिया जाएगा। इस पर सदन में चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम कार्यकारिणी का गठन के बगैर भी विशेष सत्र बुलाया जा सकता हैं। नगर निगम कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव 20 जुलाई को कराने के लिए तारीख प्रस्तावित की गई है। नए सदस्यों को आपसी सहमति से चुना जाए। इसको लेकर प्रयास किए जाएंगे। अगर सहमति नहीं बनीं तो चुनाव कराया जाएगा। नगर निगम कार्यकारिणी के लिए 6 नए सदस्यों का चुना जाना है। उसके बाद ही निगम कार्यकारिणी का 12 पार्षद सदस्यों का कोरम पूरा होगा।
















