-सार्वजनिक स्थानों और सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी, अधिकारी खुद मैदान में सक्रिय
-डीसीपी ट्रांस हिंडन और एसीपी इंदिरापुरम ने दिल्ली बॉर्डर पर चलाया सघन चेकिंग अभियान
-संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर विशेष निगरानी, जनता से संयम और सहयोग की अपील
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली के लाल किला ब्लास्ट के तुरंत बाद गाजियाबाद में सुरक्षा को लेकर उच्च सतर्कता जारी की गई है। शहर के पुलिस अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि दिल्ली से सटे क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशनों, बस अड्डों और महत्वपूर्ण इमारतों पर सतर्कता बढ़ाई जाए। पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ ने इस अवसर पर खुद अधिकारियों के साथ दिल्ली बॉर्डर के पास मैदान में उतरकर सुरक्षा निरीक्षण किया। सभी सभी जोन के अधिकारियों को चौकस रहने के सख्त निर्देश दिए है। पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ ने कहा कि हम गाजियाबाद में किसी भी संभावित खतरे को लेकर शून्य सहनशीलता नीति अपनाएंगे। किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। पुलिस बल को निर्देश दिए गए हैं कि दिल्ली से आने वाले सभी वाहनों की गहनता से जांच की जाए। हमें शहरवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल और एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने दिल्ली बॉर्डर पर पुलिस बल के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सभी आने-जाने वाले वाहनों की पूरी तरह जांच की गई और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मौके पर कहा कि यह कदम केवल सुरक्षा बढ़ाने के लिए हैं और जनता को किसी प्रकार की असुविधा कम से कम हो। गाजियाबाद पुलिस ने सभी प्रमुख बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश जारी किए हैं। इसके अलावा, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी सुनिश्चित की गई है। पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ ने स्पष्ट किया कि शहर की सुरक्षा में पुलिस बल पूरी तरह सक्रिय है, लेकिन नागरिकों का सहयोग भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनता को सतर्क रहने की आवश्यकता है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के बारे में तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें। हमारी टीम चौकस है, लेकिन जनता का सहयोग हमारी कार्रवाई को और प्रभावी बनाएगा। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शहर में अनुशासन बनाए रखें।
साथ ही, पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिए कि वे 24 घंटे सतर्क रहें, और किसी भी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की विलंब या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली बॉर्डर और कौशांबी बस अड्डे पर वाहनों की तपास-पड़ताल, पहचान सत्यापन और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच का अभियान जारी है। पुलिस बल ने स्थानीय दुकानदारों, वाहन चालकों और नागरिकों को भी जागरूक किया कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना दें। ऐतिहासिक स्थल, मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस तैनात की गई है। पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ ने कहा कि यह अभियान केवल अलर्ट खत्म होने तक नहीं, बल्कि स्थायी रूप से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए जारी रहेगा।
रेलवे स्टेशन और सिटी जोन पर डीसीपी धवल जायसवाल ने संभाला मोर्चा
-संदिग्धों पर कड़ी नजर, जनता से सतर्कता और सहयोग की अपील
दिल्ली में लाल किला ब्लास्ट की घटना के बाद गाजियाबाद में सुरक्षा को लेकर उच्च सतर्कता जारी की गई है। शहर में सभी सार्वजनिक स्थानों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए गए हैं। पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ ने पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए खुद अधिकारियों के साथ दिल्ली बॉर्डर के पास मैदान में उतरकर निगरानी की। सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए सिटी जोन की कमान डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने संभाली। उन्होंने गाजियाबाद रेलवे स्टेशन, मॉल पर एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी, एसएचओ और अधीनस्थ पुलिस बल के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया। स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी गई और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया।
डीसीपी धवल जायसवाल ने स्टेशन के बाहर एंट्री गेट पर लगे सभी स्कैनरों की खुद निरीक्षण किया और सुनिश्चित किया कि सभी सुरक्षा उपकरण सही तरीके से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन सुरक्षा का सबसे संवेदनशील क्षेत्र है। यहां किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं होगी। सभी संदिग्धों और असामान्य गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी और आवश्यक कार्रवाई तुरंत की जाएगी। रेलवे स्टेशन के अलावा, पुलिस ने शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों और मॉलों में भी अतिरिक्त पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ ने निर्देश दिए कि सभी वरिष्ठ अधिकारी और टीम सदस्य 24 घंटे सतर्क रहें, और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत रिपोर्ट करें।
डीसीपी धवल जायसवाल ने भी जनता से अपील की है कि वे संदिग्ध वस्तुओं या व्यक्तियों के बारे में तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि आपका सहयोग हमारी सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाएगा। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अनुशासन बनाए रखें। हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत सूचना दें, ताकि पुलिस समय पर कार्रवाई कर सके।

















