-मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल प्रणव कुमार ने डाकघर पासपोर्ट केंद्रों की शानदार उपलब्धियों को सराहा
-क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप की संगठित और संवेदनशील कार्यशैली बनी प्रेरणा स्रोत
-उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मान, सेवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद नागरिकों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में कार्यालय क्षेत्राधिकार में एक पासपोर्ट सेवा केंद्र गाजियाबाद में तथा 11 डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र विभिन्न जनपदों में सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को उनके निकट ही पासपोर्ट संबंधी सुविधाएं मिल रही हैं। नागरिकों को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद द्वारा पासपोर्ट सेवा केंद्र एवं डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों में कार्यरत कार्मिकों के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में शनिवार को कार्यालय परिसर में एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला एवं उत्कृष्ट कार्मिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश परिमंडल के मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल प्रणव कुमार उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों में निदेशक, डाक विभाग अभिषेक सिंह, वरिष्ठ अधीक्षक डाक विभाग विशाल पाठक तथा वरिष्ठ अधीक्षक डाक विभाग नोएडा भूर सिंह शामिल रहे। तकनीकी सहयोगी संस्था की ओर से टीसीएस की प्रतिनिधि सारिका वर्मा भी उपस्थित रहीं। मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल प्रणव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र नागरिकों के लिए अत्यंत सुलभ विकल्प के रूप में उभरे हैं। डाक विभाग के सहयोग से आज उत्तर प्रदेश के अधिकांश लोकसभा क्षेत्रों में ये केंद्र संचालित हो रहे हैं तथा शेष क्षेत्रों में भी शीघ्र ही इनकी स्थापना की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश के डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों के माध्यम से दो लाख से अधिक पासपोर्ट आवेदनों का निस्तारण किया गया, जो एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
उन्होंने क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद के कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि मेरठ एवं नोएडा स्थित डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों के विस्तार का कार्य प्रक्रियाधीन है। इसके पूर्ण होने के बाद प्रतिदिन स्वीकार किए जाने वाले आवेदनों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इस अवसर पर क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप की कार्यशैली विशेष रूप से चर्चा में रही। अपने सुव्यवस्थित प्रशासन, संवेदनशील दृष्टिकोण और टीमवर्क पर आधारित कार्यप्रणाली के चलते गाजियाबाद पासपोर्ट कार्यालय लगातार उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पहचाना जा रहा है। श्री अनुज स्वरूप ने अपने संबोधन में कहा कि पासपोर्ट सेवाओं के सफल संचालन में डाक विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को उनके नजदीकी स्थान पर ही सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे समय और संसाधनों की बचत हो रही है। उन्होंने मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल सहित डाक विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डाक विभाग से प्राप्त सहयोग और मार्गदर्शन से ही नागरिकों को और अधिक बेहतर एवं प्रभावी सेवाएं प्रदान करना संभव हो पा रहा है। कार्यक्रम के अंत में वर्ष 2025 के दौरान पासपोर्ट सेवाओं के उत्कृष्ट एवं प्रभावी निष्पादन में सराहनीय योगदान देने वाले डाक विभाग एवं टीसीएस के कार्मिकों को सम्मानित किया गया। समारोह के माध्यम से कार्मिकों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार देखने को मिला।
















