ईद, नवरात्रि और रामनवमी को लेकर गाजियाबाद पुलिस सतर्क, शहरभर में फ्लैग मार्च

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट ने ईद-उल-फितर, नवरात्रि और रामनवमी के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाते हुए शहरभर में फ्लैग मार्च किया। पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र के निर्देश पर रविवार को तीनों जोन में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस ने सड़कों पर शक्ति प्रदर्शन किया। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नगर राजेश कुमार की अगुवाई में घंटाघर रामलीला मैदान से लेकर शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया गया।

यह मार्च घंटाघर, जस्सीपुरा तिराहा, पीएसी चौक, कैला भट्टा, विजयनगर, बिजलीघर चौराहा, डबल टंकी रोड, डीएवी चौक, रेलवे रोड, मंडी, होली चाइल्ड चौराहा, चौधरी मोड़ और कविनगर क्षेत्र होते हुए वापस घंटाघर पर समाप्त हुआ। इस दौरान 135 पुलिस वाहन शामिल रहे, जिनमें चीता मोबाइल, पीआरवी, पीसी मोबाइल, पिंक बूथ मोबाइल और माइक मोबाइल शामिल थे। डीसीपी राजेश कुमार ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान चप्पे-चप्पे पर सतर्कता बरती जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए। ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

ट्रांस हिंडन जोन में निकाला गया विशाल फ्लैग मार्च
इस दौरान पुलिस ने इंदिरापुरम, वसुंधरा, साहिबाबाद, वैशाली और खोड़ा कॉलोनी जैसे संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी। पुलिसकर्मियों ने वाहनों के जरिए मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों के पास फ्लैग मार्च कर लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया। डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने पुलिसकर्मियों को चौकन्ना रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ड्रोन से निगरानी, पीसीआर वैन की गश्त और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुरक्षा कड़ी, पुलिस का व्यापक गश्त
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी के नेतृत्व में लोनी, मोदीनगर, मुरादनगर, डासना और मसूरी में भी फ्लैग मार्च निकाला गया। वहीं, डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल के नेतृत्व में इंदिरापुरम, वसुंधरा, साहिबाबाद और खोड़ा कॉलोनी जैसे संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।

त्योहारों के दौरान सतर्कता के कड़े निर्देश
शहरभर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस पिकेट्स बढ़ाई गई हैं और मुख्य चौक-चौराहों पर बैरिकेडिंग कर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। गाजियाबाद पुलिस की इस सख्त सुरक्षा व्यवस्था और हाई अलर्ट के चलते त्योहारों को लेकर आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।