-2.95 लाख से अधिक सुझाव, जिलाधिकारी ने नागरिकों का आभार जताया-शिक्षा क्षेत्र से सर्वाधिक भागीदारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2047 तक राज्य को विकसित श्रेणी में स्थापित करने के लक्ष्य से चलाए जा रहे ‘विकसित उत्तर प्रदेश 2047’ अभियान में गाजियाबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया है। 3 सितंबर 2025 से शुरू इस राज्यव्यापी जनसुझाव अभियान में गाजियाबाद के नागरिकों ने पूरे उत्साह से भाग लिया और कुल 2,95,506 सुझाव दर्ज कराए। यह उत्कृष्ट भागीदारी जिले की जागरूकता और भविष्य के विकास को लेकर जनता की गंभीर सोच को दर्शाती है। सुझावों का विश्लेषण बताता है कि गाजियाबाद के नागरिकों ने सबसे अधिक ध्यान शिक्षा क्षेत्र पर दिया।
शिक्षा से जुड़े कुल 62,206 सुझाव पोर्टल पर अपलोड किए गए, जो प्रदेश में सबसे ऊंचे आंकड़ों में शामिल हैं। नगरीय व ग्रामीण विकास से 42,645 सुझाव दर्ज हुए, जबकि स्वास्थ्य क्षेत्र में 35,437 लोगों ने अपने विचार साझा किए। नगरीय क्षेत्र से 2,31,673 और ग्रामीण क्षेत्रों से 63,833 सुझाव प्राप्त हुए, जिससे स्पष्ट होता है कि शहर से लेकर गांव तक इस अभियान को लोगों ने भरपूर समर्थन दिया। उल्लेखनीय है कि कुल 1,27,031 सुझाव महिलाओं द्वारा दर्ज किए गए, जो जनपद में महिला जागरूकता का मजबूत संकेत है।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने व्यक्त किया आभार
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने ‘विकसित उत्तर प्रदेश 2047’ अभियान में गाजियाबाद की उल्लेखनीय भागीदारी पर जनपदवासियों, युवाओं, विद्यार्थियों और महिला सहभागिता के लिए हृदय से धन्यवाद जताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि गाजियाबाद के नागरिक प्रदेश के दीर्घकालिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाना चाहते हैं। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे इसी प्रकार राष्ट्रहित से जुड़े अन्य कार्यक्रमों—विशेष रूप से मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान-में भी पूर्ण सहयोग प्रदान करें। जिलाधिकारी ने अभियान को सफल बनाने में नियोजन विभाग, राजस्व विभाग, विकास विभाग, नगर निगम, पंचायत विभाग, पूर्ति विभाग, तकनीकी एवं शैक्षिक संस्थानों सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उत्कृष्ट योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन सभी विभागों ने टीमवर्क और समर्पण का उदाहरण पेश करते हुए जनसामान्य तक अभियान की जानकारी पहुंचाई, जिसके परिणामस्वरूप गाजियाबाद प्रदेश के शीर्ष जिलों में शामिल हो सका।
गाजियाबाद ने दिखाई विकास के प्रति जागरूकता-भविष्य में भी रहेगा अग्रणी
अभियान के दौरान जिस प्रकार नागरिकों ने प्रदेश के विकास मॉडल पर ठोस और व्यवहारिक सुझाव साझा किए, उससे यह आकलन स्पष्ट है कि गाजियाबाद भविष्य की विकास योजनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश 2047 जैसे अभियानों में गाजियाबाद की मजबूत भागीदारी राज्य को 2047 के विजन तक पहुंचाने में एक महत्वपूर्ण प्रेरक शक्ति साबित होगी।
















