मनोज पाण्डेय के स्वागत को तैयार गाजियाबाद, भाजपा का महाजुटान कल

-कैबिनेट मंत्री के स्वागत में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा भव्य कार्यक्रम, बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की तैयारी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार में खाद्य एवं रसद विभाग के कैबिनेट मंत्री मनोज पाण्डेय के प्रथम बार गाजियाबाद आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार, 21 जून को प्रात: 11:30 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में उनके सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों का दावा है कि कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी। कैबिनेट मंत्री मनोज पाण्डेय प्रदेश सरकार के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और खाद्य एवं रसद विभाग की जिम्मेदारी संभालते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दे रहे हैं। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने, पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा विभागीय व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में उनके प्रयासों को सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में गिना जाता है। उनके गाजियाबाद आगमन को भाजपा संगठन भी विशेष महत्व दे रहा है। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री मनोज पाण्डेय पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

वह संगठन की मजबूती, सरकार की जनहितकारी नीतियों, विकास कार्यों और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। उनके संबोधन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्सुकता बनी हुई है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम संगठन की एकजुटता और प्रदेश सरकार के विकास संकल्प को और मजबूत करने का अवसर होगा। उन्होंने सभी से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के आयोजक पंकज शर्मा ने बताया कि कैबिनेट मंत्री मनोज पाण्डेय के स्वागत को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

ऑडिटोरियम में बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वागत मंच, सुरक्षा, पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रहेगी और यह आयोजन गाजियाबाद में भाजपा की संगठनात्मक ताकत का परिचायक बनेगा। मनोज पाण्डेय का यह दौरा संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगा। कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को आगामी चुनौतियों के लिए भी तैयार किया जाएगा। राजनीतिक दृष्टि से भी इस आयोजन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय का संदेश जाएगा।