गाजियाबाद को मॉडल जल शक्ति केंद्र के रूप में बनाया जाए: धर्मेंद्र सिंह

गाजियाबाद। केंद्रीय रक्षा मंत्रालय के केंद्रीय नोडल अधिकारी एवं संयुक्त सचिव धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि गाजियाबाद को मॉडल जल शक्ति केंद्र के रूप में बनाया जाए। शनिवार को विकास भवन के दुर्गावती देवी सभागार में संयुक्त सचिव धर्मेंद्र कुमार सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता हिमांशु गौतम समेत अन्य विभाग के अधिकारियों के साथ जल शक्ति अभियान कैच द रेन-2024 की बैठक के दौरान यह दिशा-निर्देश दिए। केंद्रीय नोडल अधिकारी ने निर्देशित किया कि जल शक्ति अभियान में महिलाओं एवं बच्चों की भागीदारी को बढ़ाया जाए। तकनीकि अधिकारी द्वारा पूरे जनपद में एक्यूफर मेपिंग एवं सभी रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के निकट पीजोमीटर लगाने के लिए निर्देशित किया।

उन्होंने जल शक्ति अभियान के तहत किए गए कार्यों की प्रशंसा की एवं भविष्य में इसी प्रकार कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित भी किया। साइंटिस्ट बी शेख महदूद होसैन ने सिद्धार्थ विहार हिंडन नदी किनारे वन जमा योजना अंतर्गत वन विभाग द्वारा रोपित किए पौध (औद्योगिक पैटर्न) का निरीक्षण किया। शेख महदूद ने पौधारोपण भी किया। ग्राम पंचायत युसूफपुर ईशापुर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पानी की टंकी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पानी की टंकी के पास वाटर लेवल का बोर्ड एवं पंप का विवरण लगाने के लिए निर्देशित किया। इसके बाद विकास खंड-भोजपुर में तालाब का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान तालाब के बंधों के चारों ओर वृक्षारोपण करने के लिए भी निर्देशित किया। सीडीओ अभिनव गोपाल ने केंद्रीय नोडल अधिकारी को आश्वस्त किया कि जल शक्ति अभियान ‘कैच द रेन-2024 के तहत भूजल स्तर को बढ़ाने एवं वर्षा जल संचयन के लिए जो दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं। उनका संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से पालन सुनिश्चित कराते हुए जनपद में जल शक्ति अभियान ‘कैच द रेन को सफल बनाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।