युवाओं की ताकत से सजेगा स्वच्छ और हरा-भरा गाजियाबाद: नगर आयुक्त

-अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर 15 स्कूलों के विद्यार्थियों को पर्यावरण, स्वच्छता और सशक्त भारत के निर्माण का दिया मंत्र, पौधारोपण कर दिया हरित भविष्य का संदेश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर गाजियाबाद नगर निगम ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सशक्त भारत के संकल्प को नई दिशा देने के लिए एक प्रेरक पहल की। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मंगलवार को शहर के 15 प्रतिष्ठित स्कूलों के विद्यार्थियों को संबोधित कर न केवल जागरूक किया, बल्कि उन्हें पर्यावरण योद्धा और स्वच्छता दूत बनने के लिए प्रोत्साहित भी किया। यह कार्यक्रम उत्तम स्कूल फॉर गर्ल्स, शास्त्री नगर और श्री गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज, लोहिया नगर में आयोजित हुआ, जिसमें क्षेत्रीय पार्षद अमित त्यागी और शीतल देओल भी मौजूद रहे। इस मौके पर बाल भारती पब्लिक स्कूल, श्री ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय, केडीबी पब्लिक स्कूल, नेहरू वर्ल्ड स्कूल,  गुरुकुल द स्कूल, चौधरी छबीलदास पब्लिक स्कूल, एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, सेंट जेवियर्स वर्ल्ड, दिल्ली पब्लिक स्कूल, न्यू रेनबो पब्लिक स्कूल, डीपीएस इंदिरापुरम और कैंब्रिज स्कूल के विद्यार्थी भी शामिल हुए।

नगर आयुक्त ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में ‘स्वच्छ मोहल्ला स्क्वाड की अवधारणा से विद्यार्थियों को परिचित कराया और स्कूल पाठ्यक्रम में ‘स्वच्छता की पाठशाला’ को शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की जागरूकता ही कल के भारत की स्वच्छ और हरित तस्वीर तय करेगी। विशेष रूप से छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नारी शक्ति में वह सामर्थ्य है जो आने वाले पर्यावरण को सुंदर, सुरक्षित और स्वच्छ बना सकती है।

कार्यक्रम में पौधारोपण भी किया गया, जिसके जरिए ‘प्लास्टिक मुक्त शहर’ और ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश दिया गया। नगर आयुक्त ने विद्यार्थियों से अपने घरों और आसपास स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण बचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उत्तम स्कूल की प्रधानाचार्य और श्री गुरु नानक स्कूल के प्रबंधक गुरजीत ने गाजियाबाद नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जनजागरूकता अभियान न केवल बच्चों को शिक्षित करते हैं, बल्कि पूरे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा भी देते हैं।