इंदिरापुरम में वैश्य अग्रवाल परिवार का सेवा और संस्कृति से भरा स्वर्णिम सफर, महाराजा अग्रसेन भवन निर्माण की ओर ऐतिहासिक कदम

-हरियाली तीज महोत्सव 25 जुलाई को चटपटी चाट, रंगारंग कार्यक्रम और लकी ड्रा का भी आयोजन

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और सेवा के प्रति समर्पण के साथ कार्य कर रही वैश्य अग्रवाल परिवार (पंजी) इंदिरापुरम ने अपने सतत प्रयासों के बल पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। परिवार की वर्षों पुरानी आकांक्षा महाराजा अग्रसेन भवन अब निर्माण की दिशा में निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है। संस्था ने भवन निर्माण हेतु इंदिरापुरम में भूमि अधिग्रहण कर लिया है और भूमि पूजन भी विधिवत सम्पन्न हो चुका है। शीघ्र ही इस भवन का निर्माण कार्य आरंभ होने जा रहा है, जो समाज की एकता, परंपरा और भविष्य को समर्पित एक भव्य धरोहर के रूप में खड़ा होगा। यह वही संस्था है, जो प्रतिवर्ष महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा का आयोजन करती है। यही नहीं, संस्था के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप इंदिरापुरम की काला पत्थर रोड को अब महाराजा अग्रसेन मार्ग के नाम से जाना जाता है और मंगल चौक पर महाराज अग्रसेन की भव्य प्रतिमा की प्रतिष्ठा कर वहां का नाम महाराजा अग्रसेन चौक रखा गया, जो अब पूरे क्षेत्र की पहचान बन चुका है। यह कार्य केवल एक सड़क या प्रतिमा तक सीमित नहीं, बल्कि समाज की चेतना, गरिमा और गौरव को स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर है। संस्था केवल सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन, नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, भंडारे और जरूरतमंदों के लिए सेवा-कार्य भी समय-समय पर आयोजित करती रही है।

इसके अतिरिक्त पारिवारिक एकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मनोरंजनात्मक कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। धार्मिक यात्राओं में अयोध्या, वाराणसी के दर्शन और प्रयागराज के महाकुंभ में सामूहिक स्नान जैसे आयोजनों ने संस्था के सदस्यों के बीच आत्मीयता और सामूहिक चेतना को और गहराई दी है। इसी श्रृंखला में इस वर्ष भी हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन 25 जुलाई को इंदिरापुरम स्थित जयपुरिया मॉल के वाओ केयरमोनल बैंक्वट में शाम 5 बजे से आयोजित होगा। आयोजन को रंगारंग बनाने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मनमोहक झलकियां, महिलाओं के लिए विशेष कार्यक्रम, स्वाद से भरपूर चटपटी चाट, रंग-बिरंगे स्नैक्स और लज़ीज़ भोज की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही आयोजन का विशेष आकर्षण लकी ड्रा भी रहेगा, जिसमें भाग लेने वाले प्रतिभागियों को कई उपहारों का अवसर मिलेगा। गौर करने की बात यह है कि इस आयोजन के लिए अब केवल 25 कूपन ही शेष हैं और संस्था ने सभी सदस्यों से आग्रह किया है कि वे शीघ्रता से अपने कूपन प्राप्त कर कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करें।

संस्था के पूर्व अध्यक्ष अनिल जैन ने इस मौके पर कहा कि वैश्य अग्रवाल परिवार अपने मूल्यों, परंपराओं और सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति जितना सजग है, उतना ही सजग वह नई पीढ़ी को इनसे जोडऩे के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण की दिशा में जो कार्य आरंभ हुआ है, वह केवल एक भवन नहीं, बल्कि पूरे समाज की आत्मा और भावना का प्रतीक बनेगा। कार्यक्रम संयोजक प्रदीप गुप्ता ने सभी सदस्यों से अपील की कि वे इस उत्सव में परिवार की तरह सम्मिलित हों। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज महोत्सव केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और एकता का उत्सव है, जिसमें सभी को भाग लेना चाहिए ताकि हमारी नई पीढ़ी भी इन मूल्यों से जुड़ सके।

संस्था के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता, महामंत्री हेमंत गुप्ता, कोषाध्यक्ष सीए रोहित अग्रवाल और टीम के अन्य पदाधिकारियों ने भी आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। हर वर्ष की भांति इस बार का आयोजन भी समाज को एक नई ऊर्जा और उत्साह देगा। संस्था की यह सेवा, समर्पण और संस्कारों से भरी यात्रा न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि सामाजिक संगठनों के लिए एक आदर्श भी है। वैश्य अग्रवाल परिवार (पंजी) इंदिरापुरम निस्संदेह आज सामाजिक संगठनात्मकता और सांस्कृतिक उत्तरदायित्व का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा है। संस्था के पूर्व अध्यक्ष अनिल जैन ने कहा कि हमारा परिवार न केवल सामाजिक कार्यों में अग्रणी है, बल्कि संस्कृति और सेवा की जीवंत मिसाल बन चुका है। भवन निर्माण का सपना अब साकार होता दिख रहा है, और यह समाज के लिए गौरव की बात है। हमने हमेशा कोशिश की है कि हर आयोजन लोगों के मन को जोडऩे और परंपराओं को जीने का माध्यम बने। कार्यक्रम संयोजक प्रदीप गुप्ता ने कहा कि तीज महोत्सव में हर सदस्य सहभागी बने। हरियाली तीज महोत्सव केवल आयोजन नहीं, एक भावनात्मक उत्सव है जो हमें हमारी जड़ों से जोड़ता है। हम चाहते हैं कि अधिक से अधिक परिवार इसमें भाग लें और मिलकर इसे अविस्मरणीय बनाएं।