-तीन प्लॉटों की ई-ऑक्शन से प्राधिकरण को 106 करोड़ से अधिक अतिरिक्त राजस्व
-एयरपोर्ट प्रभाव से बढ़ी मांग, सेक्टर-18, 19 और 22D में विकसित होंगी आधुनिक आवासीय परियोजनाएं
-यमुना सिटी बनेगी नया रियल एस्टेट हब, निवेशकों और खरीदारों के लिए बड़े अवसर
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण ने ग्रुप हाउसिंग के तीन प्लॉटों का आवंटन ऑक्शन के जरिए कर दिया है। इन प्लॉटों की बोली बेस प्राइस से कुल 106.11 करोड़ रुपये अधिक पर लगी, जिससे अथॉरिटी को बड़ा राजस्व प्राप्त हुआ है। इन आवंटनों के बाद नोएडा एयरपोर्ट के पास लोगों को नया घर खरीदने का अवसर मिल सकेगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना के बाद यमुना सिटी में आवासीय संपत्तियों की मांग तेजी से बढ़ी है। इसी को देखते हुए अथॉरिटी ने 15 ग्रुप हाउसिंग प्लॉटों की योजना निकाली थी, जिनमें से फिलहाल तीन प्लॉटों का आवंटन किया गया है। सेक्टर-18 में प्रोवेंस डेवलपर्स प्रा.लि. को 16,188 वर्ग मीटर भूमि आवंटित की गई। इस प्लॉट का बेस प्राइस 89.23 करोड़ रुपये था, जबकि कंपनी ने 95.48 करोड़ रुपये की बोली लगाई। सेक्टर-19 में एल्डिको इंफ्रास्ट्रक्चर एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने 104.70 करोड़ रुपये की बोली लगाकर प्लॉट हासिल किया, जिसका बेस प्राइस भी 89.23 करोड़ रुपये था।
इसी तरह सेक्टर-22डी में मैसर्स नार्थविंड एस्टेट को 20,235 वर्ग मीटर का प्लॉट 189.09 करोड़ रुपये में आवंटित किया गया। इस प्लॉट का बेस प्राइस 106.23 करोड़ रुपये था। तीनों आवंटनों से अथॉरिटी को बेस प्राइस की तुलना में 106.11 करोड़ रुपये अतिरिक्त प्राप्त हुए हैं। सीईओ आरके सिंह ने बताया कि ग्रुप हाउसिंग प्लॉटों का पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ई-ऑक्शन से आवंटन किया गया है। आने वाले समय में यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवासीय परियोजनाएं विकसित होंगी, जिससे एयरपोर्ट के आसपास रियल एस्टेट गतिविधियों को और गति मिलेगी।
















