गाजियाबाद। श्री राम आनंद विहार मंदिर में सोमवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। यह उत्सव हर साल की तरह इस बार भी मंदिर में झांकियां भक्तों के लिए एक विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे से हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिर परिसर को फूलों, दीपों और रंग-बिरंगे लाइटों से सजाया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर अद्भुत रूप से सुसज्जित नजर आया। मंदिर में श्री कृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा-अर्चना की गई। मध्य रात्रि में श्री कृष्ण के जन्मोत्सव की आरती की गई, एवं ठाकुर जी को भोग लगाया गया जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान के दर्शन किए।
इस अवसर पर ‘माखन मिश्री और अन्य पारंपरिक प्रसाद भक्तों के बीच वितरित किया गया। मथुरा से विशेष रूप से आई हुई मंडली ने श्री कृष्ण आधारित वैले प्रस्तुत किया, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्री कृष्ण की बाल लीला देखकर श्रद्धालुओं में उल्लास और भक्ति की भावना जाग उठी। इस अवसर पर विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। श्री राम आनंद विहार के अध्यक्ष दिनेश सी गुप्ता ने सभी भक्तों और आयोजनकर्ताओं को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन न केवल हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम और भाईचारे को भी बढ़ावा देते हैं। इस जन्माष्टमी महोत्सव ने न केवल भक्तों को भक्ति के रंग में रंगा, बल्कि उन्हें भगवान श्री कृष्ण के जीवन और उनकी लीलाओं के महत्व को समझने का भी अवसर दिया।


















