राजनगर में भव्य स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर: सैकड़ों लोगों ने कराई जांच, अनेक ने किया रक्तदान

-भारतीय वैश्य ग्लोबल फाउंडेशन व राजनगर आरडब्ल्यूए के संयुक्त प्रयास से सफल आयोजन, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी नि:शुल्क सेवाएँ

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय वैश्य ग्लोबल फाउंडेशन और राजनगर आरडब्ल्यूए द्वारा रविवार को राजनगर रामलीला मैदान में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर और रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम यतंती केयर फाउंडेशन और पीजीआई नोएडा के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। शिविर में सैकड़ों लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई, वहीं अनेक सामाजिक जागरूक नागरिकों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसीपी सूर्यबलि मोर्या और नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष एवं पार्षद प्रवीण चौधरी ने दीप जलाकर किया। इस अवसर पर राजनगर आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष सीए डी.के. गोयल और भारतीय वैश्य ग्लोबल फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीए विनय मित्तल ने बताया कि शिविर का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना और जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ सेवाएँ उपलब्ध कराना है।

शिविर में विभिन्न रोगों से संबंधित जांच के लिए कई विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। जनरल फिजिशियन, कार्डियोलॉजिस्ट, डायटिशियन, दंत रोग व नेत्र रोग विशेषज्ञ समेत अनेक विशेषज्ञ टीम के रूप में मौजूद रहे। चिकित्सकों में मैक्स वैशाली के आर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. निकुंज अग्रवाल, सर्जन डॉ. सुनील धर, फिजियोथेरपी विशेषज्ञ डॉ. संजय सिरोही, त्वचा एवं यौन रोग विशेषज्ञ हर्षवर्धन, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुचित्रा वर्मा, डॉ. शीतला प्रसाद और डॉ. गौरव मिनोचा मुख्य रूप से शामिल रहे। इन विशेषज्ञों ने मरीजों की विस्तृत जांच करने के साथ स्वस्थ जीवन शैली अपनाने पर विशेष सुझाव भी दिए।

शिविर के दौरान बीएमडी, ईसीजी, ब्लड प्रेशर, शुगर, कोलेस्ट्रॉल सहित कई महत्वपूर्ण जांचें पूरी तरह नि:शुल्क की गईं, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली। वहीं रक्तदान शिविर का संचालन पीजीआई नोएडा के विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में हुआ। शिविर में एकत्रित रक्त कैंसर पीडि़त बच्चों के उपचार हेतु उपयोग किया जाएगा, जिससे कई मासूमों को जीवनदान मिलने की उम्मीद है। चिकित्सकों की सलाह पर ईआरडी केयर फाउंडेशन ने जरूरतमंदों को 10 वॉकिंग स्टिक और 2 व्हीलचेयर भी उपलब्ध कराईं, जिससे कार्यक्रम का मानवीय पहलू और मजबूत हुआ। आयोजकों ने बताया कि राजनगर आरडब्ल्यूए और भारतीय वैश्य ग्लोबल फाउंडेशन ‘स्वस्थ समाज-स्वस्थ देश’ अभियान के तहत लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।

यह शिविर भी उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। शिविर को सफल बनाने में अमरीश कुमार त्यागी, प्रभाकर त्यागी, डॉ. एस.एस. पुरी, सुनील दत्त, पंकज भारद्वाज, गोल्डी सहगल, ओमप्रकाश भोला, सौरभ गर्ग, रामलीला समिति के अध्यक्ष जय कुमार गुप्ता, दीपक कांत गुप्ता, जी.पी. अग्रवाल और सिमरन रंधावा समेत कई गणमान्य लोगों का विशेष योगदान रहा। साथ ही भारतीय वैश्य ग्लोबल फाउंडेशन के राष्ट्रीय महामंत्री अखिलेंद्र गर्ग, जितेंद्र गर्ग, अंजू मित्तल, अजय गोयल, पीयूष गोयल और अंकित सिंघल ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। यह सफल आयोजन न केवल सामाजिक एकता का उदाहरण प्रस्तुत करता है, बल्कि जरूरतमंदों के लिए उम्मीद की नई किरण भी लेकर आया।