ग्रीन बेल्ट: शहर की सड़कों पर छाएगी हरियाली निगम लगाएगा 15 हजार पौधे

-शहर की प्रमुख ग्रीन बेल्ट को प्राथमिकता पर व्यवस्थित करें उद्यान विभाग: विक्रमादित्य सिंह मलिक

गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट से गोविंदपुरम तक अब आपको रोड के दोनों तरफ हरे-भरे पौधे देखने को मिलेंगी। सड़कों पर प्रदूषण को कम करने और हरियाली बढ़ाने की दृष्टि से नगर निगम ग्रीन बेल्ट को विकसित कर रहा है। पौधों का प्राकृतिक हरा रंग आंखों और मस्तिष्क को ठंडक देता है, जिससे चालकों को राहत मिलती है। जिसके लिए नगर निगम ने कलेक्ट्रेट से गोविंदपुरम ग्रीन बेल्ट में 15000 से अधिक पौधे लगाने की कवायद तेज हो गई है। रोड के दोनों तरफ की ग्रीन बेल्ट को व्यवस्थित किया जाएगा और उच्च गुणवत्ता के पौधे लगाने के लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह को निर्देश दिए है। साथ ही शहर की अन्य प्रमुख ग्रीन बेल्ट को प्राथमिकता पर व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। शनिवार को नगर आयुक्त ने कलेक्ट्रेट से गोविंदपुरम को जाने वाली रोड पर स्थित ग्रीन बेल्ट का भी जायजा लिया।

वायु गुणवत्ता सुधार को ध्यान में रखते हुए शहर हित में नगर निगम अधिक से अधिक स्थानों पर पौधारोपण का कार्य कर रहा है। जिसमें कई सामाजिक संस्थाएं भी उत्साह पूर्वक प्रतिभाग करते हुए पौधारोपण कर रही है। पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारी भी पौधारोपण अभियान में अपनी साझेदारी निभा रहें है। वन महोत्सव सप्ताह में पौधारोपण के अभियान की शुरुआत की गई थी। 1 लाख से अधिक पौधे नगर निगम सीमा अंतर्गत लगाए जा रहे हैं। उद्यान विभाग की टीम निरंतर पौधारोपण के कार्य में गड्ढा खोदने, स्थान का चयन करने, तथा वन विभाग एवं नर्सरियों से उच्च गुणवत्ता के पौधों को एकत्र करने का कार्य भी कर रही है। नगर निगम शहर वासियों को भी पौधरोपण के लिए जागरूक कर रहा है। विद्यालयों, सरकारी कार्यालय, प्राइवेट संस्थान, सार्वजनिक स्थानों, पार्कों में आवश्यकता अनुसार सड़कों के आसपास और वार्ड के आंतरिक गलियों में भी पौधरोपण किया जा रहा है। उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने बताया नगर आयुक्त के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट से गोविंदपुरम तक की ग्रीन बेल्ट को व्यवस्थित किया जा रहा है। जिसमें चंपा और कैलेंडरा के पौधे को लगाया जा रहा है।

जो आगामी 6 से 7 माह में अपने पूरे स्वरूप में होंगे, तेजी से कार्य चल रहा है। मालियों और उद्यान के सुपरवाइजर के माध्यम से कार्य में तेजी लाई जा रही है। उक्त ग्रीन बेल्ट गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा व्यवस्थित की जाती थी। आवश्यकता अनुसार नगर निगम द्वारा देखरेख करते हुए बेहतर किया जा रहा है। जिसमें 15000 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। उक्त मार्ग प्रमुख मार्ग है, जहां पर प्रतिदिन लाखों की संख्या में जनमानस का आवागमन बना रहता है। जिसे नगर निगम उद्यान विभाग द्वारा व्यवस्थित किया जा रहा है। इसी के साथ-साथ अन्य प्रमुख ग्रीन बेल्ट को व्यवस्थित करने और उनमें पौधा रोपण की योजना बनाई जा रही है। गौरतलब हो कि नगर आयुक्त के नेतृत्व में शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ-साथ पर्यावरण को भी बेहतर करने पर काम किया जा रहा है। शहर हित में अधिक से अधिक पौधारोपण का कार्य सराहनीय है। जिसमें नगर आयुक्त द्वारा शहर वासियों से भी एक पौधा अवश्य लगाने के लिए अपील की गई और उस पौधे की जिम्मेदारी लेते हुए उसको बड़ा करने का भी बीड़ा उठाने के लिए अपील की गई। क्योंकि पौधा लगाना ही सिर्फ जिम्मेदारी नहीं है, पौधा लगाने के बाद उनका संरक्षण भी जरुरी है।