जम्मू-कश्मीर में ग्रेनेड अटैक, 2 नागरिक घायल

आतंकी हमले में बाल-बाल बचे सेना के जवान

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी बाज नहीं आ रहे हैं। मौका मिलने वह सुरक्षा बलों को निशाना बनाने से भी नहीं चूक रहे। ताजा घटना जम्मू-कश्मीर के काकापोरा में प्रकाश में आई है। जहां आतंकियों ने सीआरपीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम पर ग्रेनेड से हमला कर दिया। इस हमले में 2 नागरिक घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबरों के मुताबिक आतंकियों ने जनपद पुलवामा के काकापोरा में जवानों पर ग्रेनेड से हमला किया। गनीमत रही कि आतंकियों का निशाना चूक गया। इसके चलते ग्रेनेड सड़क पर फट गया। सोमवार को किए गए आतंकी हमले में भी ठीक इसी तरह की बात सामने आई थी। पुलिस ने बताया कि ग्रेनेड का निशाना ठीक नहीं लगा और वह भवन के बाहर ब्लास्ट हो गया। इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। बता दें कि आतंकियों ने कुलगाम जिले में 16 अक्तूबर को पुलिस चौकी पर ग्रेनेड फेंका था। उधर, पुंछ जनपद के शाहपुर और करणी सेक्टर में पाकिस्तान की तरफ से शाम के समय सीजफायर का उल्लंघन किया गया। भारतीय जवानों ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। जम्मू-कश्मीर में अभी भी काफी संख्या में आतंकी सक्रिय हैं। वह सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला करने की फिराक में रहते हैं। सुरक्षा बलों के साथ आए दिन मुठभेड़ में आतंकी ढेर भी हो रहे हैं। जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटने के बाद से विभिन्न आतंकी संगठन काफी हताश हैं। हताशा में वह इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देते आ रहे हैं। सुरक्षा बलों की सतर्कता के कारण आतंकियों को अक्सर मुंह की खानी पड़ती है। इसके इतर भारतीय सेना आम कश्मीरियों के साथ अपना जुड़ाव बढ़ा रही है। किसी भी आपदा के मौके पर सुरक्षा बल तुरंत नागरिकों के साथ खड़े दिखाई देते हैं।