-ट्रेन में सफर के दौरान यात्रियों के सामानों की चोरी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार
गाजियाबाद। ट्रेनों में बढ़ रहे अपराध को रोकने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने अभियान तेज कर दिया है। दीपावली व छठ पूजा के चलतेे जहां ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ होना शुरू हो गई हैं, वहीं लोगों को अपनी मीठी बातों में उलझाकर लूट का शिकार बनाने वाला गिरोह भी सक्रिय होने शुरू हो गया है। ऐसे गिरोह पर नजर रखने और यात्रियों की यात्रा सुखद बनाने के लिए जीआरपी ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जीआरपी की टीम ने तीन शातिरों को गिरफ्तार किया है।
जीआरपी प्रभारी अनुज मलिक ने बताया सोमवार को रेलवे स्टेशन गाजियाबाद के प्लेटफार्म नंबर 3/4 से 3 शातिर चोर चन्दू पाण्डे पुत्र विनोद पाण्डे निवासी डुमरिया सहतवार जिला बलिया, शिवम तिवारी पुत्र दिलीप तिवारी निवासी ग्राम ककरापार जहांगीरगंज जिला अम्बेडकरनगर और अर्जुन पुत्र मुन्नालाल निवासी जोशी मौहल्ला लालपुर चौराहा बदांयू को गिरफ्तार किया है।
जिनके कब्जे से मोबाइल फोन व एक ट्राली बैग, चाकू (अनुमानित कीमत 40,000 रुपये) बरामद किया गया। चन्दू पाण्डे के खिलाफ जीआरपी गाजियाबाद और दिल्ली में 5 मुकदमे, शिवम तिवारी के खिलाफ जीआरपी कैंट, मथुरा और आगरा में 6, अर्जुन के खिलाफ बदांयू के खिलाफ 4 मुकदमें दर्ज है। जीआरपी प्रभारी ने बताया पकड़े गए आरोपी अकेले और अपने साथियों के साथ मिलकर गाजियाबाद, दिल्ली एनसीआर क्षेत्र के आसपास के रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनो में चढकर मौके के अनुसार यात्रियों को टारगेट कर मोबाइल फोन, पर्स, नगदी व अन्य कीमती सामान की चोरी करते हैं। चोरी किए मोबाइलों को बेचकर धनार्जन करते हैं। पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। दीपावली व छठ पूजा के चलते यात्रियों की सुरक्षा और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए जीआरपी की टीम द्वारा अभियान तेज कर दिया है।
















