-ठाकुरद्वारा से दौलतपुरा पुल तक बनेगी डेंस रोड, लागत लगभग 4.35 करोड़
-सांसद अतुल गर्ग व विधायक संजीव शर्मा ने किया विधिवत उद्घाटन
-बेहतर सड़क से व्यापार, आवागमन और शहर की सुंदरता को मिलेगा लाभ
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर के प्रमुख यातायात मार्गों में शामिल ठाकुरद्वारा से दौलतपुरा पुल तक जीटी रोड पर डेंस रोड निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ सांसद अतुल गर्ग तथा शहर विधायक संजीव शर्मा द्वारा किया गया। इस महत्वपूर्ण परियोजना के अंतर्गत सड़क के दोनों ओर डेंस रोड का निर्माण, सौंदर्यकरण कार्य तथा ठाकुरद्वारा पुल की मरम्मत कराई जाएगी। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 4 करोड़ 35 लाख रुपये बताई गई है। यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त रास्तों में गिना जाता है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। लंबे समय से जर्जर सड़क, गड्ढों और यातायात दबाव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। डेंस रोड निर्माण के बाद इस मार्ग पर आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगा। उद्घाटन अवसर पर सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि यह सड़क निर्माण कार्य शहर के विकास को नई गति देगा और क्षेत्र के चतुर्मुखी विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने कहा कि मजबूत और चौड़ी सड़कें किसी भी शहर की प्रगति की पहचान होती हैं।
बेहतर सड़क व्यवस्था से व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, यातायात सुचारु होगा और स्थानीय नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। सांसद ने यह भी बताया कि जीटी रोड शहर की आर्थिक गतिविधियों की धुरी है और इसके सुदृढ़ीकरण से परिवहन व्यवस्था में सुधार आएगा। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। वहीं विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं और जनता की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि शहर की हर समस्या का समाधान करना उनका परम कर्तव्य है। सड़क निर्माण, पुल मरम्मत और सौंदर्यकरण कार्य से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी तथा नागरिकों को आधुनिक बुनियादी सुविधाएं प्राप्त होंगी।
परियोजना को क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए कहा गया कि इसके पूरा होने पर यातायात जाम की समस्या में कमी आएगी, दुर्घटनाओं पर नियंत्रण मिलेगा और शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। सौंदर्यीकरण कार्य के अंतर्गत सड़क किनारे हरियाली, व्यवस्थित फुटपाथ और बेहतर जल निकासी व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जाएगा। मीडिया प्रभारी अजय चोपड़ा ने बताया कि शहर में विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है और प्राथमिकता उन क्षेत्रों को दी जा रही है जहां नागरिकों को लंबे समय से समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इस अवसर पर शहर मंडल अध्यक्ष महीम गुप्ता, क्रासिंग मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, गांधी नगर मंडल अध्यक्ष वरुण नागर, पार्षद नीरज गोयल, उदित मोहन गर्ग, राकेश त्यागी, राजेश शर्मा, शरद शर्मा, अक्षय भोला, राकेश पंडित, व्यापारी नेता सुभाष छाबड़ा, राजू छाबड़ा, अनिल सांवरिया, राकेश स्वामी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने इस परियोजना पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क निर्माण से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, यात्रा समय कम होगा और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। यह परियोजना शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
















