उदय भूमि
गाजियाबाद। अवैध शराब के खिलाफ जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने हरियाणा से बिहार में शराब तस्करी कर रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर ट्रेन के माध्यम से बिहार में शराब तस्करी के लिए प्रयास कर रहा था। त्योहार का सीजन खत्म होने के बाद शादी का सीजन शुरु हो चुका है। जिस तरह से त्योहार के सीजन में शराब खपत बढ़ जाती है, ठीक उसी तरह शादी सीजन में भी शराब की खपत बढ़ जाती है। सबसे अधिक खपत बिहार में होती है। भले ही बिहार में शराब प्रतिबंध है, मगर उसके बाद भी सबसे अधिक खपत और तस्करी बिहार में होती नजर आती है। आए दिन कभी उत्तर प्रदेश तो कभी अन्य प्रदेशों के साथ बिहार में भी शराब तस्करी के मामले सामने आते रहते है।
बड़े माफिया हो या फिर छोटे माफिया बिहार में शराब तस्करी के लिए सबसे अधिक प्रयास करते है, क्योंकि प्रतिबंध राज्य में शराब बेचने में जितनी कमाई वहां हो सकती है उतनी किसी भी राज्य में संभव नहीं है। जिले में और जिले के रास्तों से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने जिस तरह से पूर्व में अपनी कार्रवाई को अंजाम दिया था, ठीक उसी तर्ज पर एक बार फिर से अवैध शराब की तलाश में छापेमारी और चेकिंग की कार्रवाई तेज कर दी है। ट्रांसपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टॉप पर आबकारी विभाग की टीम ने पहरा बढ़ा दिया है। राजमार्ग और राष्ट्रीय मार्ग पर आबकारी विभाग की चेकिंग बढ़ने के बाद शराब तस्करों ने ट्रेन को ही शराब तस्करी का सबसे सुरक्षित रास्ता बना लिया है। मगर आबकारी विभाग की टीम भी शराब तस्करों की सोच से दस कदम आगे बढ़कर अपनी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।
जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई और दबिश दे रही है। शनिवार को आबकारी निरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद मौर्य और जीआरपी प्रभारी अनुज मलिक की संयुक्त टीम द्वारा गाजियाबाद रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान प्लेटफार्म और ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के सामानों की चेकिंग की गई और उन्हें अवैध शराब के विरुद्ध जागरूक किया गया। चेकिंग के दौरान प्लेटफार्म नंबर-3 के पास ट्रेन का इंतजार कर रहे एक यात्री को चेक करने के लिए रोका गया। टीम को देख वह भागने का प्रयास करने लगा। आबकारी विभाग और जीआरपी की टीम ने उसे घेर कर पकड़ लिया। जब उसके पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई तो उसके पास से हरियाणा मार्का 50 पव्वे देशी शराब संतरा ब्रांड बरामद किया गया। पूछताछ में तस्कर की पहचान फैजान पुत्र जाबुल निवासी ग्राम हल्दिया सिमराहा जनपद अररिया बिहार के रुप में हुई है।
जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जीआपी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह उक्त शराब को बिहार में चल रहे शादी समारोह में बेचने की फिराक में था, मगर उससे पहले ही पकड़ा गया। हरियाणा से शराब तस्करी के लिए तस्कर ने कई ट्रेन बदल कर गाजियाबाद पहुंचा था और यहां से बिहार जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहा था। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया शराब तस्करों के खिलाफ आबकारी विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही है। साथ ही बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए राजमार्ग, राष्ट्रीय मार्ग के अलावा टीमें बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट नगर भी नजर बनाए हुए है। मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। त्योहारी सीजन भले ही सकुशल संपन्न हो चुका है, शादी सीजन को भी सकुशल संपन्न कराने और शराब तस्करों की कमर तोडऩे के लिए आबकारी विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
















