हापुड़ कलक्ट्रेट 24 घंटे के लिए बंद, गाजियाबााद में कोरोना मरीजों की संख्या 13 हजार के पार

 

उदय भूमि ब्यूरो
हापुड़/गाजियाबाद।
जनपद मुख्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में एक कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के कारण कलेक्ट्रेट को 24 घंटे के लिए बंद रखने की घोषणा की गई है। एडीशनल जिला मजिस्ट्रेट जयनाथ यादव ने जानकारी में बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में एक कर्मंचारी कोरोना से संक्रमित पाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर को सफाई एवं सैनिटाइजेशन हेतु 24 घंटे के लिए आम जनता, कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए बंद रखा जाएगा। उधर, गाजियाबाद में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 13 हजार को पार कर गई है।

गाजियाबाद जिले में कोरोना की रफ्तार नहीं थम रही है। बृहस्पतिवार को 214 नए मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 13 हजार को पार कर गया है। सरकारी रिकार्ड के मुताबिक जिले में अब तक कोरोना संक्रमित मरीजों का कुल आंकड़ा 13083 तक पहुंच गया है। सरकारी रिकार्ड के मुताबिक बृहस्पतिवार को 214 नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई वहीं, 565 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। अब तक 11223 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है और वह पूरी तरह से स्वस्थ्य हैं। वर्तमान में जिले में कोरोना संक्रमित 1753 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। वहीं कोरोना से 74 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रतिदिन कोरोना के बढ़ते आंकड़े प्रशासनिक अधिकारियों की चिंताएं बढ़ा दी है। कोविड-19 के प्रोटोकॉल को लेकर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग मिलकर प्रभावी कार्रवाई करेंगे। शासन से नामित नोडल अधिकारी सेंथिल पांडियन सी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 को लेकर हुई बैठक में विभिन्नन बिंदुओं पर मंथन किया गया। जनपद वासियों को कोरोना वायरस के संक्रमण से सुरक्षित करने, कोरोना के फैलने को रोकने तथा प्रभावित को़रोना पीड़ितों का प्रोटोकॉल के अनुरूप इलाज संभव कराने के लिए उत्तर प्रदेश शासन के निदेर्शों के तहत जिला अधिकारी डॉ. अजय शंकर पांडेय के नेतृत्व में निरंतर बृहद स्तर पर कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन ने अब प्रतिदिन 6000 टेस्ट कराने का निर्णय लिया है।


बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के नोडल अधिकारी डॉ.सेंथिल पांडियन सी ने जिलाधिकारी के साथ बैठक करते हुए यह निर्देश दिए। नोडल अधिकारी डॉ. सेंथिल पांडियन सी ने कहा कि प्रतिदिन प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ पुलिस के अधिकारियों द्वारा शाम को समन्वय बैठक आवश्यक रूप से की जाए। ताकि पूरे दिन की कार्रवाई के संबंध में समीक्षा हो सके। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि सैंपलिंग कराने के लिए अधिक बूथों को बढ़ाया जाए जिनकी जानकारी सिंप्टोमेटिक लोगों को रहे और वो वहां जाकर अपनी टेस्टिंग करा सके साथ ही उन्होंने जिला मलेरिया अधिकारी को निर्देशित किया कि इस संबंध में प्लान बनाते हुए अधिक से अधिक बूथों की जगह को चिन्हित करें। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर एवं एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह को निर्र्देशित किया इस संबंध में निरंतर बैठक करते हुए कार्यों की कार्रवाई सुनिश्चित कराए। उन्होंने ड्रग इंस्पेक्टर को निर्देशित किया कि जिले में मेडिकल स्टोर से दवाई लेने वाले व्यक्तियों पर भी पैनी नजर रखी जाए। अगर कोई सिंप्टोमेटिक व्यक्ति मेडिकल स्टोर से दवाई लेता है तो उसकी सूचना प्रशासन को प्रतिदिन मिलती रहे। कांट्रेक्ट ट्रेसिंग को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। वहीं, जिलाधिकारी डॉ. अजय शंकर पांडेय ने कंटेनमेंट जोन से लेकर अन्य इलाकों में इंन्सीडेंट कमांडर एवं मजिस्ट्रेट से लेकर पुलिस को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में अभी कोरोना का खतरा टला नहीं है। कोरोना संक्रमित मरीजों का जहां लगातार आंकड़ा बढ़ रहा है। वहीं,टेस्टिंग बढ़ने के बाद अब संक्रमित मरीजों की संख्या भी दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने के लिए अब सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। बगैर मास्क लगाए घूमने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए है। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रोजाना की रिपोर्ट अपडेट करते हुए क्षेत्रों में टेस्टिंग बढ़ाए। ताकि कोरोना वायरस के संक्रमण को काबू किया जा सके। जिले में जहां कोरोना संक्रमित मरीजों की रोजाना संख्या बढ़ रही है। वहीं, जिले में स्वस्थ होने वाले मरीजों का आंकड़ा भी पहले के सापेक्ष बढ़ रहा है। जिले में गुरूवार को जहां 565 संक्रमित मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। जिलाधिकारी डॉ.अजय शंकर पांडेय ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिए है। वहीं,लैब में होने वाली जांच के बाद जल्द रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है। लोगों को जागरूक करने के अलावा टेस्टिंग बढ़ाने के लिए टीमें लगाई गई है। कंटेनमेंट जोन के अलावा अन्य इलाकों में टीमें लगाई गई हैं। बैठक में जिलाधिकारी डॉ.अजय शंकर पांडेय, सीडीओ अस्मिता लाल, म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह, सीएमओ डॉ.एनके गुप्ता, एडीएम फाइनेंस यशवर्धन श्रीवास्तव, एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंंह, एडीएम एलए कमलेश चंद्र वाजपेयी, सिटी मजिस्ट्रेट विपिन कुमार, एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह, एसडीएम मोदीनगर आदित्य प्रजापति आदि अधिकारी मौजूद रहे।