हरलाल स्कूल ऑफ लॉ की राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता में विधिक प्रतिभाओं का संगम

-देशभर की प्रतिष्ठित विधि संस्थानों की टीमों ने दिखाई विधिक तर्कशक्ति, पंजाब विश्वविद्यालय की टीम बनी विजेता

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। हरलाल स्कूल ऑफ लॉ द्वारा 18 से 19 अप्रैल 2025 तक आयोजित तीसरी राष्ट्रीय स्तरीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का समापन समारोह शनिवार को अत्यंत गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह प्रतियोगिता विधि क्षेत्र में अध्ययनरत छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुई, जिसमें देशभर की प्रतिष्ठित विधि संस्थाओं से प्रतिभागी छात्रों ने भाग लिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति भूपेन्द्र कुमार राठी, पूर्व न्यायाधीश, इलाहाबाद उच्च न्यायालय रहे। उन्होंने उपस्थित छात्रों को विधिक शोध, न्यायिक विवेक और तर्कशक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। फाइनल चरण में निर्णायक मंडल में उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता बी. बालाजी, अधिवक्ता रोहित पांडे तथा दिल्ली उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के कार्यकारिणी सदस्य अधिवक्ता नितेश मेहरा उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागी टीमों की प्रस्तुति का मूल्यांकन करते हुए उन्हें विधिक प्रस्तुति, वाद-विवाद और तर्कशक्ति के संबंध में उपयोगी सुझाव प्रदान किए।

इस प्रतियोगिता की विजेता टीम रही पंजाब विश्वविद्यालय क्षेत्रीय केंद्र, लुधियाना की, जिसमें आरुषि धीमान, अरुणिमा नेहरा और अर्शनूर कौर शामिल थीं। उपविजेता टीम रही सिम्बायोसिस विधि विद्यालय, नोएडा, जिसमें मिष्ठी बंसल, विदुषी जैन और श्रेया जैन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सर्वश्रेष्ठ मूट कोर्ट ज्ञापन पुरस्कार प्राप्त किया जयपुर राष्ट्रीय विश्वविद्यालय की टीम ने, जिसमें डॉली यादव, रहील अजीज और दीपांशी चौधरी सम्मिलित थीं। श्रेष्ठ शोधकर्ता का सम्मान गुरु गोविंद सिंह विश्वविद्यालय की मानसी भारद्वाज को प्रदान किया गया। इस अवसर पर एचआईएमटी समूह के अध्यक्ष हेम सिंह बंसल ने मुख्य अतिथि का सम्मान करते हुए छात्रों को परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा दी। समारोह का शुभारंभ हरलाल स्कूल ऑफ लॉ की प्राचार्या डॉ. रमा दत्त के स्वागत भाषण से हुआ।

समूह निदेशक डॉ. सुधीर कुमार ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रयासों के लिए बधाई दी। मुख्य अतिथि ने इस आयोजन को छात्रों के विधिक कौशल, वाद-विवाद कला और अनुसंधान क्षमता को निखारने वाला एक सशक्त मंच बताया। इस अवसर पर एचआईएमटी समूह के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी अनिल कुमार बंसल (सचिव), अनमोल बंसल (संयुक्त सचिव), डॉ. विक्रांत चौधरी (कार्यकारी निदेशक), प्रो. (डॉ.) पंकज कुमार (प्रबंध अध्ययन निदेशक), प्रो. (डॉ.) अनुज मित्तल (फार्मेसी महाविद्यालय निदेशक), नरेंद्र उपाध्याय (सूचना प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष), डॉ. दिनेश कुमार (जैव प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष), तथा कविता चौधरी (प्रशासनिक अधिकारी) सहित समस्त संकाय सदस्य व कर्मचारीगण उपस्थित रहे और उन्होंने इस आयोजन को गरिमा प्रदान की।