दिल्ली से गाजियाबाद में आकर करता था हरियाणा शराब की तस्करी, गिरफ्तार

गाजियाबाद। जनपद को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने दिल्ली से गाजियाबाद में आकर हरियाणा शराब की तस्करी कर रहे एक तस्कर को दबोचा है। जिसके कब्जे से टीम ने अवैध शराब बरामद किया है। पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र में लाइसेंसी शराब की दुकान बंद होने के बाद रात के अंधेरे में दिल्ली से गाजियाबाद की सीमा में आकर हरियाणा शराब की तस्करी करता था। शराब तस्करी करने के बाद वापस दिल्ली में चला जाता था। बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी रोकने के लिए गाजियाबाद की आबकारी विभाग की टीम ने दिन के साथ-साथ रात में भी अपना पहरा बढ़ा दिया है। जिससे जनपद में चोरी-छिपे होने वाली शराब तस्करी की घटना को रोका जा सकें। साथ ही बिना लाइसेंस के शराब पार्टी करने वाले होटल, बार एवं रेस्टोरेंट संचालकों को सबक सिखाने के साथ दुकानों के नीचे से शराब बेचने वाले विक्रेताओं को उनकी सही जगह पहुंचाया जा सकें। जिसके लिए जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने सभी आबकारी निरीक्षकों को सख्त निर्देश दिए है, जिले में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह से खत्म करने के साथ-साथ रात में दुकान बंद होने के बाद भी लगातार चेकिंग किया जाए। जिसके लिए सभी आबकारी निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में चेकिंग के साथ शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश दे रहे है।

जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत रविवार रात को चेकिंग अभियान चलाया गया। आबकारी निरीक्षक हिम्मत सिंह की टीम द्वारा थाना -लिंकरोड अन्तर्गत कौशांबी बस अड्डे के पास चेकिंग की गई। जहां पर एक व्यक्ति बस स्टैण्ड के पास शराब तस्करी करता हुआ पाया गया। जिसकी पहचान दिलावर हुसैन पुत्र मोहम्मद फरीद निवासी-धूमनगर आजमनगर जिला कटिहार बिहार, हाल पता मुकाम तीसरा पुस्ता इस्मानपुर दिल्ली के रुप में हुई है। जिसके कब्जे से हरियाणा मार्का के 70 पव्वे फ्रेश मोटा मसालेदार देशी शराब बरामद किया गया।

जिसके खिलाफ थाना लिंक रोड़ में आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया पकड़ा गया तस्कर दिल्ली से कौशांबी बस अड्डे के पास आकर चालकों को हरियाणा शराब तस्करी करता था। शराब तस्करी के बाद वापस दिल्ली चला जाता था। जिसकी सूचना पिछले कुछ दिनों से मुखबिर द्वारा मिल रही थी। जब भी टीम पहुंचती तो तस्कर फरार हो जाता था। रात भी तस्कर जब शराब तस्करी के लिए आया तो पकड़ लिया गया। आरोपी दिल्ली में मजदूरी का काम करता है और रात में शराब तस्करी करता था। पूछताछ में तस्कर से कई अहम जानकारी मिली है। जिस पर टीम काम कर रही है। शराब तस्करी में लिप्त अन्य तस्करों को भी जल्द ही जेल भेजा जाएगा।